उदयपुर। संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 रविवार को शहर में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रथम पारी का आयोजन प्रातः 09ः30 बजे से 11ः30 बजे तक किया गया। इसमें कुल 3213 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2165 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 1048 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पारी में कुल उपस्थिति प्रतिशत 67.38 रहा।
द्वितीय पारी में 12 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 3213 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2129 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 1084 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पारी में कुल उपस्थिति प्रतिशत 66.26 दर्ज किया गया।
परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के लिए सभी केन्द्रों पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।