GMCH STORIES

हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के संभाग प्रशिक्षण केंद्र मदार में नवनिर्मित सुविधाघर एवं स्नानागार का लोकार्पण

( Read 800 Times)

24 May 26
Share |
Print This Page

हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के संभाग प्रशिक्षण केंद्र मदार में नवनिर्मित सुविधाघर एवं स्नानागार का लोकार्पण

उदयपुर  । मदार स्थित हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान राज्य के संभाग प्रशिक्षण केंद्र मदार (बडगांव) में चल रहे कब मास्टर/फ्लॉक लीडर बेसिक कोर्स प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत शनिवार को प्रशिक्षणार्थियों के लिए नवनिर्मित सुविधाघर एवं स्नानागार का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 21 मई से प्रारंभ होकर सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं।
राज्य प्रशिक्षण आयुक्त एवं शिविर संचालक प्रदीप मेघवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चैकसी ग्रुप मादड़ी के निदेशक रविन्द्र हेरियस तथा सीएसआर हेड प्रवीण कुमार यादव के विशेष प्रयासों से प्रशिक्षण केंद्र पर प्रशिक्षणार्थियों की सुविधा हेतु आठ स्नानागार एवं आठ सुविधाघरों का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही प्रशिक्षण केंद्र को बोरवेल सहित मोटर भी भेंट की गई है, जिससे केंद्र पर पानी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से प्रशिक्षण केंद्र की आधारभूत सुविधाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है तथा भविष्य में यहां आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविरों को भी इसका लाभ मिलेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सचिव नरेंद्र औदिच्य ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चैकसी ग्रुप उदयपुर के सीएसआर हेड प्रवीण कुमार यादव थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज सेवा एवं युवा विकास के कार्यों में सहयोग देना प्रत्येक संस्था की जिम्मेदारी है। स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। ऐसे में प्रशिक्षण केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील सरस्वती लाइब्रेरी, नारायण  हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड तथा आर्किटेक्ट मनीष कुमावत उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवनिर्मित सुविधाओं का अवलोकन कर कार्य की सराहना की तथा इसे प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें स्काउटिंग एवं गाइडिंग की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। प्रशिक्षणार्थियों ने भी नई सुविधाओं के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में शिविर संचालक प्रदीप मेघवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर सहयोग मिल रहा है, जिसके कारण प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर राज्य मुख्यालय आयुक्त व संभाग सचिव मुकेश कुमार, उदयपुर संभाग मुख्यालय आयुक्त मदन लाल वर्मा, सहायक राज्य संगठन आयुक्त उदयपुर संभाग शांता वैष्णव, जिला ऑर्गेनाइजर उदयपुर गजेंद्र वैष्णव, जिला सचिव उदयपुर रमा जैन, राज्य मुख्यालय लेखाकार पवन कुमार, ट्रेनिंग काउंसलर कमल यादव, सुनील महेश्वरी, वर्षा राव, हिना बोड़ात तथा जीनल टांक सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like