खेल एक योग साधना है - महंत बाल भारती महाराज
जैसलमेर। मेरा युवा भारत जैसलमेर के जिला युवा अधिकारी पंकज माड़ेचा के निर्देशन में जैसलमेर क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक कमल कुमार के नेतृत्व में सीमाजन कल्याण छात्रावास में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में गजरुप सागर मठ के मठाधीश महंत बालभारती जी महाराज उपस्थित रहे।
इस क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में वालीबाल प्रतियोगिता में चांधन टीम कप्तान योगेश के नेतृत्व में विजयी रही एवं पन्नाराम के नेतृत्व में सीमाजन कल्याण छात्रावास टीम उपविजेता रही। इसके साथ ही दो सौ मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पर मनोहर कुमावत, द्वितीय स्थान पर रुद्र प्रकाश एवं तृतीय स्थान पर अरुण सिंह रहे। इसी प्रकार लम्बी कुद प्रतियोगिता में रुद्र प्रकाश प्रथम स्थान पर, चंदन कुमार द्वितीय स्थान पर एवं अरूण सिंह ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें काली बाई भील दल कुमारी ममता के नेतृत्व में विजयी रहा और कुमारी नेहा के नेतृत्व में रानी लक्ष्मीबाई दल ने उप-विजेता का खिताब हासिल किया। साथ ही बालिका वर्ग की दो सौ मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पर सुरज कंवर, द्वितीय स्थान पर तनुजा और तृतीय स्थान पर कंचन रहीं । लंबी कूद में प्रथम स्थान पर निर्मला, द्वितीय स्थान पर भाटिया और तृतीय स्थान पर वसुंधरा रहीं। यह सभी प्रतियोगिताएं शारिरिक शिक्षक करन सिंह और कमल किशोर माली के संरक्षण में संपन्न हुई।विजेताओं को मुख्य अतिथि महंत श्री बाल भारती महाराज जी के द्वारा पुरस्कृत किया गया ।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए बाल भारती महाराज जी ने कहा कि खेल एक योग साधना है जिससे मनुष्य अपने अंदर छिपी विलक्षण प्रतिभाओं से परिचित होता है और अपने आने वाले कल को सुनहरा बनाता है। कार्यक्रम में मुख्य सहयोगी शारीरिक शिक्षक करन सिंह ने बताया कि भारत 2035 में ओलंपिक आयोजन के लिए प्रयास कर रहा, हमारे जैसलमेर के युवा भी इस अवसर से अछूता न रहे इसलिए हमें अभी से अपने अंदर खेल के प्रति अलख जगानी है। शारीरिक शिक्षक कमल किशोर माली ने युवाओं को खेल जगत में मौजूद अनेक अवसरों से अवगत करवाया और उन्हें निरंतर खेल से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत जैसलमेर के कर्मठ कार्यकर्ता इंद्रजीत ने भी युवाओं को संबोधित कर अपने जीवन में योग और खेल को जीवनशैली बनाने की सलाह दी। आखिर में सभी आगंतुकों को अल्पाहार करवा कर , कार्यक्रम प्रभारी पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक कमल कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का विधिवत समापन किया।
Source: