जैसलमेर ,मतदाता सूचियांे के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। इसके उपरांत 9 दिसंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट किया जाएगा। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार संबंधित कार्मिकांे को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की क्रियान्विति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि आगामी 7 फरवरी 2026 तक एसआईआर की प्रक्रिया चलेगी। इसके तहत 3 नवबंर तक प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्र के मुद्रण का कार्य होगा। इसके उपरांत 4 नवम्बर से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। उन्हांेने बताया कि 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का ड्रॉफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके उपरांत 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएगी। साथ ही उन्हांेने बताया कि 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस फेज रहेगा, जिसमें सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके उपरांत 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए जा चुके हैं। इसमें मुख्य रूप से मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन, बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण, राजनीतिक दलों को सूचना, मीडिया प्रबंधन, ऑनलाइन प्रपत्र भरने को बढ़ावा देने एवं आईईसी सामग्री के प्रकाशन को लेकर विस्तृत चर्चा के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्हांेने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में केवल जिला निर्वाचन अधिकारी ही जिला स्तर पर अधिकृत प्रवक्ता होंगे। इस दौरान नियमित प्रेस विज्ञप्ति एवं सोशल मीडिया अपडेट जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं पंचायत स्तर पर ऑनलाइन आवेदन के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों एवं राजसखी को विशेष रूप से महिला मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए जोड़ा जाएगा।

उन्हांेने बताया कि मतदाता सूचियां https:@@voters-eci-gov-in@ पर अपलोड कर दी गयी है। इसका लिंक मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि विगत एसआईआर की मतदाता सूची में अगर किसी वर्तमान मतदाता के माता-पिता, दादा-दादी आदि का नाम शामिल है तो सटीक और सत्यापित पारिवारिक संबंध के माध्यम से वंशावली मानचित्रण (मैपिंग) की जा रही है। इससे अधिकांश मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज लेने की आवश्यकता ही नहीं रहेगी।

एकीकृत ECINet एप एवं वेबसाइट लांचः भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ईसीआईनेट एप एवं वेबसाइट लांच की गई है। इसमंे बुक ए कॉल विद बीएलओ का फीचर भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से मतदाता बीएलओ से सीधा संपर्क करते हुए विभिन्न प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की वेबसाइट से संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एवं मोबाइल नंबर प्राप्त कर संपर्क किया जा सकता है।

राजनीतिक दलों एवं मीडिया की सहभागिता

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा। बीएलए नियुक्ति की स्थिति एवं बीएलए-2 की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। उनसे अधिकाधिक सहभागिता निभाने का अनुरोध किया जाएगा, जिससे निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनी रहे।

Source: