राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सेवा भावना के मूल्यों से युवाओं को जोड़ेगा यह अभियान

जिले में 10 व 11 नवंबर को आयोजित होंगी पदयात्राएं

      जैसलमेर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में पदयात्राओं के रूप में आयोजित होने वाले “सरदार/150 यूनिटी मार्च” की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

     कार्यक्रम की अध्यक्षता जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने की, साथ ही पदयात्रा के संयोजक के रूप में मनोहर सिंह दामोदरा उपस्थित रहे।

    विधायक छोटू सिंह भाटी ने बताया की, “सरदार पटेल ने जिस दृढ़ इच्छाशक्ति एवं राष्ट्रभक्ति से भारत की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोया, वही भावना इस यूनिटी मार्च की प्रेरणा है। सरदार पटेल के योगदान से जन-जन को अवगत कराने और युवाओं में राष्ट्रीय एकता की चेतना जगाने के उद्देश्य से यह पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं।

     उन्होंने बताया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा “माय भारत” मंच के माध्यम से चलाए जा रहे इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ 6 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा डिजिटल माध्यम से किया गया था।

    जैसलमेर जिले में इस अभियान के तहत दो प्रमुख पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी छोटू सिंह भाटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि जैसलमेर में 10 व 11 नवम्बर को पोकरण में पदयात्रा आयोजित की जाएगी एवं इन पदयात्राओं में 8-10 किमी की दूरी तय की जाएगी, जिसमें 500 से अधिक युवाओं एवं नागरिकों की भागीदारी होगी।

     प्रेस वार्ता के दौरान जिला युवा अधिकारी पंकज माड़ेचा ने बताया कि “भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘यूनिटी मार्च’ को उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है जिसमें प्रारंभिक चरण में निबंध प्रतियोगिताएं, रील प्रतियोगिता, यंग लीडर प्रश्नोत्तरी इत्यादि का आयोजन किया जा रहा हैं । राष्ट्रीय स्तर   यूनिटी मार्च का आयोजन 26 नवंबर को करमसद से शुरू होकर 06 दिसंबर को केवड़िया में समापन होगा।

    

जिलेवासियों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील की

विधायक छोटू सिंह भाटी एवं जिला युवा अधिकारी पंकज माडे़चा ने समस्त जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पदयात्रा में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कर सरदार पटेल की एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।

      उन्होंने बताया कि “सरदार/150” समारोहों के अंतर्गत “माय भारत” मंच के माध्यम से निबंध प्रतियोगिता, क्विज, पॉडकास्ट, खेल प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं, जिनसे युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिल रहा है।

       इस अवसर पर समाजसेवी अरुण पुरोहित, जिला खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, माय भारत जिला युवा अधिकारी पंकज माड़ेचा, समाजसेवी छुग सिंह एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Source: