सुपरवाइज़र्स को दी फील्ड में सक्रियता बढ़ाने एवं प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश
जैसलमेर, 8 नवम्बर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने उपखण्ड कार्यालय पोकरण में विधानसभा क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर्स की बैठक ली।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुपरवाइजर्स से उनके-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर समीक्षा की। इस दौरान बीएलओ द्वारा गणना फॉर्मों के वितरण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सुपरवाइजर्स व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक बीएलओ से सतत संपर्क बनाए रखें एवं प्रतिदिन फॉर्म वितरण की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फील्ड में किसी प्रकार की समस्या या बीएलओ की लापरवाही की स्थिति में संबंधित नाम तत्काल ईआरओ को अवगत कराएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले की स्थिति कमजोर न हो, इसके लिए सभी सुपरवाइजर्स अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। उन्होंने अच्छे कार्य करने वाले सुपरवाइजर्स से मार्गदर्शन लेकर अपने कार्य में सुधार करने की भी बात कही।
बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी हीर सिंह चारण ने विधानसभा पोकरण में गणना फॉर्म वितरण की प्रगति पर समयबद्ध कार्य निष्पादन पर जोर दिया एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसीलदार पोकरण हजारा राम, चुनाव शाखा प्रभारी सत्य प्रकाश खत्री सहित सभी सुपरवाइजर्स एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source: