जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में जन शिकायतों एवं परिवेदनाओं के प्रभावी निस्तारण के लिए जिले के सभी ब्लॉकों में गुरुवार, 13 नवम्बर को प्रातः 10 बजे से अटल जन सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सहायक निदेशक, लोक सेवाएं जैसलमेर रोहित वर्मा ने बताया कि समस्त उपखंड अधिकारी एवं विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक क्षेत्र में शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि जन समस्याओं के समाधान में सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें। शिविरों में उपखंड स्तरीय सभी विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए एवं अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
सहायक निदेशक वर्मा ने बताया कि उपखंड अधिकारी एवं विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित अटल जन सेवा शिविरों की संपूर्ण व्यवस्थाओं, प्रभावी मॉनीटरिंग एवं पर्यवेक्षण का कार्य सुनिश्चित करेंगे, जिससे जन शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण किया जा सके।
Source: