जैसलमेर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2025 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी ने मंगलवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के चांधन, लाठी, खेतोलाई एवं धोलिया क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से पुनरीक्षण की वर्तमान स्थिति, प्रगति रिपोर्ट एवं फील्ड स्तर की चुनौतियों पर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रविष्टियों का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करना अनिवार्य है।
उन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म्स के डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रविष्टि की सटीक व सावधानीपूर्वक जांच कर समय पर अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने फील्ड टीमों को घर-घर सत्यापन कार्य को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से पुनरीक्षण कार्य को पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी एवं तत्परता से संपादित करने की अपील की।
Source: