जैसलमेर। मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रकोष्ठ नोडल अधिकारी रश्मि रानी व स्वीप प्रकोष्ठ समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास के निर्देशन में शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान रुणिचा महाविद्यालय, जैसलमेर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में उपस्थित महाविद्यालय के कार्मिकों एवं विद्यार्थी शिक्षकों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राजस्थान सहित 12 राज्यों में प्रगतिशील विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उपयोग में ली जा रही नमूना परिगणना प्रपत्र के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सत्र के दौरान स्वीप प्रकोष्ठ सदस्य गोविंदराम ने परिगणना प्रपत्र को सटीक रूप से भरने की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम 2002 की मतदाता सूची में अंकित हैं, वे प्रपत्र का बायाँ भाग भरेंगे। साथ ही, जिनके नाम 2002 की सूची में नहीं हैं, वे प्रपत्र का दायाँ भाग भरेंगे। विद्यार्थी शिक्षकों को बीएलओ द्वारा वितरित प्रपत्र का डेमो फॉर्म लाइव भरवाकर इसकी सम्पूर्ण प्रक्रिया का अभ्यास करवाया गया।
सहायक आचार्य रोशनी भूतड़ा ने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरने की चरणवार प्रक्रिया प्रदर्शित की एवं आवश्यक तकनीकी बिंदुओं से सभी को अवगत कराया।
वहीं वरिष्ठ अध्यापक मांगीलाल सोनी ने ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रक्रियाओं के दौरान आने वाली तकनीकी जटिलताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मृत मतदाता एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सूचना बीएलओ को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य जयप्रकाश आचार्य ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय से देवकिशन चारण, हरिकृष्ण गहलोत, अरुण सोलंकी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
Source: