जैसलमेर, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)–2026 के तहत बुधवार को जैसलमेर जिले में विभिन्न स्तरों पर निरीक्षण, फील्ड सत्यापन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारियों ने दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्य को पूर्ण शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।
एईआरओ द्वारा सांकड़ा और नेडाण क्षेत्र का निरीक्षण
एईआरओ एवं सीबीईओ पोकरण सुशीला मेहला ने सांकड़ा और नेडाण क्षेत्रों का गहन दौरा कर अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक मतदाताओं से जुड़े एस.डी. प्रकरणों का स्थल सत्यापन किया। उन्होंने बीएलओ के साथ घर-घर पहुँचकर जानकारी जुटाई और ग्रामीणों से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग का आह्वान किया।
नेडाण में सुपरवाइजर एवं बीएलओ टीम के साथ ईएफ से संबंधित विवरणों का अवलोकन किया गया। बूथ संख्या 145 पर डिजिटाइजेशन व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने शेष कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय में एसआईआर जागरूकता कार्यशाला
जिला निर्वाचन अधिकारी, सीईओ (स्वीप नोडल अधिकारी) और स्वीप समन्वयक के निर्देशन में जिला स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा स्थानीय राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय में एसआईआर पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्वीप समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास ने बताया कि एसआईआर एक वैधानिक प्रक्रिया है, जो प्रदेश में 2002 के बाद पुनः संचालित की जा रही है। स्वीप टीम ने प्रतिभागियों को मतदाता सूची शुद्धिकरण की प्रक्रिया, उपयोगिता और नागरिकों की भूमिका से अवगत कराया। विद्यार्थियों को अपने क्षेत्रों में एसआईआर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा खेतोलाई मतदान केंद्र का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने खेतोलाई मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदाता सूची अद्यतन कार्यों की प्रगति देखी।
उन्होंने प्रपत्र 6, 7 और 8 के निस्तारण, अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृत मतदाताओं के सत्यापन तथा सूची शुद्धिकरण की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और सभी परिवर्तन नियमों के अनुसार दर्ज किए जाएँ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा चेलक पंचायत में निरीक्षण
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी ने चेलक पंचायत में बीएलओ द्वारा किए जा रहे फील्ड सर्वे व मतदाता सूची अद्यतन कार्यों का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि एसआईआर अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने बीएलओ को समयबद्धता, पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा ग्रामवासियों को उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं और शिविरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
Source: