उदयपुर। पैसिफिक एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी के पैसिफिक होटल प्रबंधन महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री यश राज, एचआर एग्जीक्यूटिव, ताज लेक पैलेस, उदयपुर रहे। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
महाविद्यालय के निदेशक श्री विनोद कुमार सिंह भदौरिया ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालयी शिक्षा पूर्ण कर महाविद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुरु पूर्णिमा की बधाई देते हुए विद्यार्थियों को समय की पाबंदी, अनुशासन, धैर्य तथा निरंतर सीखने की भावना के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है और दृढ़ संकल्प व निरंतर प्रयास से ही जीवन में ऊंचे लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
मुख्य अतिथि श्री यश राज ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए होटल उद्योग में सफल करियर के लिए प्रभावी संवाद, विनम्रता, क्षमायाचना, समानुभूति तथा सकारात्मक व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करते हुए आतिथ्य उद्योग की व्यावसायिक अपेक्षाओं से भी परिचित कराया।
कार्यक्रम के अंत में वाइस प्रिंसिपल श्री जैकब जॉन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के प्रथम गुरु उसके अभिभावक होते हैं, जिनके मार्गदर्शन और संस्कारों के कारण ही वे जीवन में आगे बढ़ पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मेंहदी शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Source: