श्रीगंगानगर, 17 नवम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संविधान दिवस 26 नवम्बर 2025 के अवसर पर शैक्षणिक संस्थाओं में निबंध प्रतियोगिता आयोजित करवाई जायेगी।
जिला प्रशासन ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर व राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य को पत्र प्रेषित कर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। देश की आजादी के बाद डॉ. अम्बेडकर के सिद्धांतों और विचारों का व्यवहारिक स्तर पर क्रियान्वयन विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करवाई जायेगी। विश्व विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन को 5100 रूपये, 3100 रूपये व 2100 रूपये तथा विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन को 2100 रूपये, 1100 रूपये व 500 रूपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जायेगी।
निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिये प्रवेश निःशुल्क है। निबंध प्रतियोगिता में महाविद्यालय स्तर पर 2000 शब्द एवं विद्यालय स्तर पर 1000 शब्द सीमा रहेगी। प्रतिभागी द्वारा लिखित निबंध सुस्पष्ट, हस्तलिखित फाउंडेशन कार्यालय में संबंधित संस्था के माध्यम से प्रेषित किये जाने पर ही स्वीकार्य होंगे। प्रतियोगिता आयोजित कराने की जिम्मेदारी संस्था प्रधान की होगी। प्रतिभागी विद्यार्थी को उत्तरपुस्तिका संबंधित संस्था द्वारा दी जायेगी।

Source: