नव वर्ष की पूर्व संध्या पर श्री पीताम्बरा आश्रम में शिव-शक्ति महानुष्ठान

( 1368 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Apr, 24 04:04

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर श्री पीताम्बरा आश्रम में शिव-शक्ति महानुष्ठान

बाँसवाड़ा/ नवीन विक्रम संवत्सर की पूर्व संध्या पर श्री पीताम्बरा आश्रम में गायत्री मण्डल के तत्वावधान में हुए शिव-शक्ति महानुष्ठान में श्रद्धालुओं ने पूर्ण भक्तिभाव से हिस्सा लिया और वैदिक एवं पौराणिक परम्पराओं के अनुरूप महारूद्र एवं देवी अनुष्ठानों, सामूहिक आरती, संकीर्तन आदि का पुण्य लाभ पाया।

इस दौरान् पं. नरेन्द्र आचार्य, पं. प्रदीप शुक्ला (छींछ) एवं पं. राकेश शुक्ला के आचार्यत्व में पंचदेव पूजा-अर्चना, शिव-शक्ति महायज्ञ, पितर तर्पण प्रयोग, द्वादशाक्षर मंत्र जप, हनुमान एवं गायत्री यज्ञ सहित विभिन्न अनुष्ठान हुए, जिनमें पं. राजेश त्रिवेदी, पं. अंकित कुमार त्रिवेदी(छींछ),पं. विनय भट्ट, चन्द्रेश व्यास, पं. जय रणा, पं. द्रोमिल त्रिवेदी आदि पण्डितों के समूह ने हिस्सा लिया और विधि-विधान से समस्त पूजा प्रक्रिया एवं यज्ञार्चन का पूर्ण किया।

अनुष्ठानों के उपरान्त पुष्पान्जलि विधान और सामूहिक आरती में मुख्य साधक-साधिकाओं के रूप में अन्तरिक्ष उड़ान विशेषज्ञ कर्नल कुंवर अजीत प्रताप सिंह, ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या, वास्तुविद् चन्द्रशेखर जोशी, चन्द्रेश व्यास, श्रीमती कल्पना डिण्डोर, चार्वी, आचार्य योगिता व्यास, पुष्पा व्यास, मंजू शुक्ला, लोकेश व्यास, विनोद शुक्ला, मनोज नरहरि भट्ट, अजय अधिकारी आदि ने हिस्सा लिया।

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर आश्रम में हुई भजन संध्या में नीना गुप्ता, वनिता पाठक, प्राची पाठक, अरविन्द पाठक, गिरीश जोशी रामायणी आदि ने भाग लिया और संगीतमय भजनों की प्रस्तुति की।

इससे पूर्व गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक दिलीप गुप्ता तथा उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी ने दीप प्रज्वलित कर अनुष्ठानों एवं यज्ञार्चन का शुभारंभ किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.