रामलला का सूर्यतिलक होते देखना देशवासियों का सौभाग्यः बिरला

( 854 बार पढ़ी गयी)
Published on : 18 Apr, 24 09:04

के डी अब्बासी

रामलला का सूर्यतिलक होते देखना देशवासियों का सौभाग्यः बिरला

कोटा। लोक सभा चुनाव में कोटा-बूंदी सीट से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला ने कहा कि रामनवमी के पवित्र अवसर पर अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला का सूर्य तिलक होते देखना 140 करोड़ भारतीयों का सौभाग्य है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प और इच्छा शक्ति से संभव हो सका है।

भाजपा प्रत्याशी बिरला ने बुधवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया और भाजपा को वोट देने की अपील की। इस दौरान सभाओं को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हमेशा भगवान राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया। राम मंदिर बनने से रोकने के लिए अदालत में वकीलों की फौज खड़ी कर दी। भगवान राम को काल्पनिक तक कह दिया था। शताब्दियों के संघर्ष और लंबी प्रतीक्षा के बाद प्रभु रामलला मंदिर में विराजमान हुए तो प्राण प्रतिष्ठा समारोह के आमंत्रण को भी कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगियों ने ठुकराने का काम किया।

बिरला ने कहा कि आज अयोध्या के साथ-साथ देशभर के राम भक्तों का एक विराट स्वप्न साकार हुआ है। राम इस देश के इतिहास और भविष्य दोनों हैं। राम हमारे रोम रोम में हैं। आज प्रभु राम का सूर्य तिलक हुआ है और 4 जून को भगवान राम की कृपा से प्रधानमंत्री मोदी 400 सीटों के साथ तीसरी बार विजय तिलक करेंगे।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा भी बहाई है। अयोध्या में राम मंदिर सहित काशी, मथुरा और महाकाल में भव्य कॉरिडोर बने हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.