विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी बांसवाड़ा शाखा द्वारा गुरुवार को 'सेवा संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र जी सराफ द्वारा सभी सदस्यों के स्वागत और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए हुई। उन्होंने बताया कि संस्था रक्तदान के साथ-साथ देहदान, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और मानवीय सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रही है।
संस्था के चेयरमैन डॉक्टर मुनव्वर हुसैन ने इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट को स्मरण करते हुए उनके द्वारा स्थापित सेवा परंपरा को साझा किया। उन्होंने कहा कि हेनरी ड्यूनेंट ने युद्ध जैसे संकट काल में भी मानवता की जो मिसाल पेश की, वह आज भी रेड क्रॉस के मूल मूल्यों की नींव है। इस वर्ष की थीम "मानवता के पक्ष में (Keeping Humanity Alive)" पर उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस का हर कार्य व्यक्ति की पीड़ा को कम करने और सेवा की भावना को जीवित रखने की दिशा में होता है।
महिला विंग की सक्रिय सदस्य प्रेरणा उपाध्याय ने संस्था के कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि महिला सदस्य विभिन्न क्षेत्रों में चाहे वह स्वास्थ्य शिविर हों, स्वच्छता अभियान या सामाजिक जागरूकता हर मोर्चे पर योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्य अमित शाह, सूरज राठौड़, यश सराफ, रुचिता चौधरी, हिमांशु ताबियार, पुष्पा शर्मा और अल्का लबाना सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर यह संकल्प लिया कि रेड क्रॉस की सेवाओं को बांसवाड़ा जिले के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और भावी योजनाओं पर चर्चा के साथ किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।