"वंदे गंगा" जल संरक्षण जन अभियान: मीडियाकर्मियों ने झाड़ोल में देखा जल प्रबंधन का जमीनी स्वरूप

( 768 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Jun, 25 17:06

"वंदे गंगा" जल संरक्षण जन अभियान: मीडियाकर्मियों ने झाड़ोल में देखा जल प्रबंधन का जमीनी स्वरूप

 

उदयपुर, "वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान" के तहत शुक्रवार को मीडिया प्रतिनिधियों के दल ने उदयपुर जिले के आदिवासी अंचल झाड़ोल में जल संरक्षण के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का स्थलीय अवलोकन किया। वन विभाग और जल संरक्षण विभाग द्वारा निर्मित संरचनाओं को देखकर मीडियाकर्मियों ने राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।

पौधारोपण की दिशा में बड़ा कदम: पालिया खेड़ा नर्सरी का भ्रमण

दल का पहला पड़ाव था पालिया खेड़ा नर्सरी, जहाँ वन विभाग के अधिकारियों ने वर्मी कम्पोस्ट, पॉली हाउस और तैयार की जा रही विभिन्न प्रजातियों के पौधों की जानकारी दी। एसीएफ घनश्याम कुमावत ने बताया कि "हरियालो राजस्थान अभियान" के तहत झाड़ोल क्षेत्र में इस मानसून में 1.7 लाख पौधे और जिले में 38 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

भू-जल पुनर्भरण की पहल: 8000 सीसीटी और एमपीटी

दल ने गोरण गांव में भू-जल रिचार्ज के लिए बनाए गए 8,000 कंटूर ट्रेंचेज (CCT) और माइनर परकोलेशन टैंक्स (MPT) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इन संरचनाओं से जलस्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। मीडियाकर्मियों ने इन प्रयासों को जल संरक्षण में राज्य की दूरदृष्टिपूर्ण योजना बताया।

एनीकट और चारागाह विकास से ग्रामीण हरियाली में वृद्धि

दल ने सेलाना ग्राम पंचायत में निर्मित एनीकट और अडोल गांव के चारागाह विकास कार्यों का भी अवलोकन किया। क्षेत्र में बढ़ती हरियाली और उपजाऊता ने मीडियाकर्मियों को अभिभूत किया। एक्सईएन नितिन सुराणा ने जल संरक्षण की तकनीकी जानकारी के साथ विभिन्न योजनाओं का व्यावहारिक पक्ष प्रस्तुत किया।

अभियान में बहु-विभागीय सहभागिता

जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि इस अभियान में वन विभाग, जल संसाधन, राजीविका, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, भूजल एवं जलग्रहण विभाग जैसे कई विभागों की सक्रिय भागीदारी है।

मनोरेगा योजना के तहत 2023-25 में 4,153 कार्यों का लोकापर्ण किया जाएगा।

वर्तमान में 1,375 जल संरक्षण और 560 पौधारोपण कार्य प्रगति पर हैं।

अब तक 57,800 खड्डे खोदे जा चुके हैं और 11.62 लाख पौधारोपण के लक्ष्य की पूर्ति की दिशा में कार्य तेजी से हो रहा है।

मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना 2.0 के तहत पहले चरण में 3,561 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और द्वितीय चरण के 368 कार्यों को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत गोगुन्दा की नई परियोजना शीघ्र प्रारंभ होगी।

प्रतिनिधियों की सहभागिता

अवलोकन यात्रा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक गौरीकान्त शर्मा, सहायक जनसंपर्क अधिकारी जयेश पण्ड्या, और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.