मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय कर्मचारी संगठन (संविदा/एसएफएबी) भारतीय मजदूर संघ, उदयपुर द्वारा दिनांक 18 जून 2025 को सायं 5 बजे अशोक नगर स्थित श्री तरुण सागर भवन सभागार में स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संगठन के लगभग 200 सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक श्री अरविंद सिंह राव साहब को मंत्रालयिक कर्मचारी परिषद का प्रदेश अध्यक्ष बनने पर संगठन की ओर से मेवाड़ी पाग व उपर्णा ओढ़ाकर अध्यक्ष श्री नारायण लाल सालवी व अन्य पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गजपाल सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी थे। साथ ही परिषद के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री प्रेमशंकर आमेटा एवं जिलाध्यक्ष श्री पीयूष सुखवाल का भी पारंपरिक पगड़ी व उपर्णा से स्वागत व सम्मान किया गया।
इस अवसर पर परिषद के वरिष्ठ सदस्य श्री ब्रजेश मिश्रा, श्री आदित्य पांडे, श्री भंवर सिंह चौहान एवं श्री नरेंद्र सिंह पंवार को भी उपर्णा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती मंदिर में दीप प्रज्वलन से किया गया। तत्पश्चात श्री भंवर सिंह चौहान ने भारतीय मजदूर संघ का संगठन गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में श्री पीयूष सुखवाल ने भारतीय मजदूर संघ की भूमिका व कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संचालन संगठन के कोषाध्यक्ष श्री मनीष बंसल ने किया। अध्यक्ष श्री नारायण लाल सालवी ने विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को मंच पर रखा। इन मुद्दों को सभी अतिथियों ने गंभीरता से सुना और भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गजपाल सिंह राठौड़ व अन्य पदाधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी।