‘ऑक्टेव’ से पूर्वोत्तर संस्कृति का संगम

( 9101 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Oct, 25 07:10

डॉ. रविंद्र सिंगल का प्रतिपादन ‘नॉर्थ ईस्ट ऑक्टेव’ सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ

‘ऑक्टेव’ से पूर्वोत्तर संस्कृति का संगम

उदयपुर /  पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर और दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में  अब तक कई महोत्सवों का आयोजन किया गया है, जिन्हें नागपुरवासियों का भरपूर प्रतिसाद मिला है। कई वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित हो रहे ‘ऑक्टेव-2025’ महोत्सव के माध्यम से नागपुरवासी सच्चे अर्थों में पूर्वोत्तर राज्यों की संस्कृति का संगम अनुभव कर सकेंगे — ऐसा प्रतिपादन पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र सिंगल ने किया।

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर और दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में “नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल - ऑक्टेव” का उद्घाटन डॉ. रविंद्र सिंगल के हस्ते संपन्न हुआ। इस अवसर पर वे बोल रहे थे।
डॉ. सिंगल ने सर्वप्रथम कार्यक्रम स्थल पर लगे पूर्वांचल वस्त्र और हस्तकला प्रदर्शन का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस अवसर पर दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक आस्था कार्लेकर, उपनिदेशक दीपक कुलकर्णी, लेखाधिकारी दीपक पाटील, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फुरकान खान और कार्यक्रम अधिकारी हेमंत मेहता उपस्थित थे।

डॉ. सिंगल ने कहा कि यह महोत्सव देशभर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित किया जा रहा है। यह अवसर दोबारा कब मिलेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है। इसलिए नागरिकों को पूर्वोत्तर की संस्कृति के रंग, उसकी भावनाएँ और उसकी दृढ़ता का अनुभव लेने के लिए अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में सहभागी होना चाहिए।

कार्यक्रम की शुरुआत में नागपुर के पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्रकुमार सिंगल ने सभी स्टॉल्स का अवलोकन किया और प्रदर्शकों को प्रोत्साहित किया। स्टॉलधारकों ने अपने-अपने राज्यों की वस्तुएँ उन्हें भेंट के रूप में दीं।

इस अवसर पर बोलते हुए निदेशक आस्था कार्लेकर ने कहा कि भारत सरकार का मुख्य उद्देश्य देश के अन्य राज्यों को पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति से परिचित कराना है। यहाँ आठों राज्यों के हस्तशिल्प, हस्तकला और पारंपरिक वस्तुएँ बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम का संचालन विवेक अलोणी और मोहिता दीक्षित ने किया तथा आभार प्रदर्शन फुरकान खान ने किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.