आरएनटी मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) उदयपुर एवं कॉलेज के 2024 बैच के छात्रों द्वारा नूतन विद्यार्थियों का अभिनंदन समारोह तथा कॉलेज के मुख्य पोर्च में भगवान धनवंतरी के चित्र एवं चरक शपथ पट्ट के अनावरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी रहे। विशिष्ट अतिथि उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन रहे। अध्यक्षता प्राचार्य विपिन माथुर ने की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. भुवनेश चम्पावत एवं डॉ. नरेंद्र जोशी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् के गायन से हुआ। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री खराड़ी ने विद्यार्थियों को चरक शपथ के आदर्श अपने जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी को पश्चिमी प्रभाव से बचते हुए राष्ट्र को सर्वापरि रखना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों को विनम्रता एवं उत्तम व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक के अच्छे व्यवहार रोगी की आधी बीमारी स्वयं ही दूर हो जाती है।
विधायक श्री जैन ने चिकित्सकों की जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कॉलेज परिसर में स्थान की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए विस्तार के लिए भूमि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही एमआरआई जांच की लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए अतिरिक्त मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया।
विद्यार्थियों को दिलाई चरक शपथ
कार्यक्रम में नूतन विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य डॉ. विपिन माथुर ने चरक शपथ दिलाई गई। डॉ. सुशील साहू ने चरक शपथ के ऐतिहासिक एवं नैतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह शपथ प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथ चरक संहिता पर आधारित है, जिसमें चिकित्सक के आदर्श आचरण और जिम्मेदारियों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा अब सभी मेडिकल विद्यार्थियों के लिए चरक शपथ अनिवार्य कर दी गई है।
भगवान धनवंतरी के चित्र का अनावरण
अतिथियों ने भगवान धनवंतरी के चित्र का अनावरण किया। एनएमओ अध्यक्ष डॉ. राहुल जैन ने भगवान धनवंतरी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समुद्र मंथन से उत्पन्न 14 रत्नों में से एक भगवान धनवंतरी को आयुर्वेद एवं चिकित्सा का देवता माना जाता है। उनकी पूजा उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं रोगों से मुक्ति प्रदान करती है। विद्यार्थियों प्रीति अग्रवाल, अभिषेक यादव एवं अमन कुमावत नेअपने अनुभव साझा किए। मंच संचालन मेडिकल विद्यार्थियों ख़ुश राज सिंह सोलंकी एवं ख्याति सिंह भाटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर हेमेन्द्र श्रीमाली, विष्णु नागदा, विष्णु मेनारिया, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. विजय गुप्ता, पेसिफिक डेंटल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. भगवान सहाय सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं शिक्षक उपस्थित रहे