उदयपुर : सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट उच्च माध्यमिक विद्यालय, न्यू फतेहपुरा में क्रिसमस का उत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें क्रिसमस ट्री की सजावट, नृत्य नाटिका और सांस्कृतिक प्रदर्शन शामिल थे। कक्षा 7वीं की छात्राओं ने प्रेम और सद्भाव पर आधारित एक भावपूर्ण नाटिका की प्रभावी प्रस्तुति दी।
सांता क्लॉज का आकस्मिक आगमन और उपहार वितरण बच्चों के चेहरों पर हंसी बिखेर गया। कैरोल गायन की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को जीवंत बना दिया।
प्रधानाचार्या सिस्टर किरण जोजो ने अपने संबोधन में सभी छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेम, आपसी भाईचारे और खुशियाँ बाँटने का संदेश दिया। क्रिसमस का वास्तविक अर्थ केवल उत्सव, सजावट या उपहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि दिलों को जोड़ना, टूटे मनों को सहारा देना और समाज में शांति व भाईचारे को बढ़ावा देना है। यह पर्व हमें अपने अहंकार, द्वेष और नकारात्मकता को त्याग कर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सच्चे अर्थों में क्रिसमस तभी मनाया जाता है, जब हम एक दुसरे को प्रेम बाँटें, दूसरों के दुःख को समझें और अपने कर्मों से समाज को थोड़ा बेहतर बनाएँ। यही क्रिसमस का सच्चा और शाश्वत संदेश है।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से शहरवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ: क्रिसमस की पवित्र बेला में प्रभु यीशु का आशीर्वाद आप सभी पर हो। शांति, प्रेम और खुशियों से सभी प्रदेशवासियों का जीवन भरा रहे।