अनटोल्ड ट्रुथ ऑफ़ सुभाष चंद्र बोस' के निर्माण की घोषणा 23 जनवरी को होगी....

( 809 बार पढ़ी गयी)
Published on : 12 Jan, 26 02:01

अनटोल्ड ट्रुथ ऑफ़ सुभाष चंद्र बोस' के निर्माण की घोषणा 23 जनवरी को होगी....

   आधुनिक भारत के महानतम सपूत, आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक और अदम्य साहस के प्रतीक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 129वें जन्मजयंती 23 जनवरी के पावन अवसर पर, प्रख्यात लेखक, वरिष्ठ पत्रकार एवं निर्माता मान सिंह दीप अपनी बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म 'अनटोल्ड ट्रुथ ऑफ़ सुभाष चंद्र बोस' के निर्माण की घोषणा करेंगे। मान सिंह दीप द्वारा प्रस्तुत इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कल्याणी सिंह एवं वेदांत सिंह कर रहे हैं, जबकि इसका निर्देशन जाने-माने फिल्मकार अशोक त्यागी करेंगे। यह फ़िल्म स्थापित ऐतिहासिक कथानकों को चुनौती देते हुए यह सिद्ध करने का प्रयास करेगी कि भारत की स्वतंत्रता की वास्तविक लड़ाई और निर्णायक भूमिका नेताजी सुभाष चंद्र बोस की थी, न कि केवल अहिंसा के एकमात्र विमर्श की। फिल्म में यह भी दर्शाया जाएगा कि किस प्रकार द्वितीय विश्व युद्ध के विजेता देशों की सत्ता-राजनीति नेताजी के विचारों से भयभीत थी और कैसे एक सुनियोजित साजिश के तहत उनकी नृशंस हत्या की गई, जिसे आज तक रहस्य और दुर्घटना के आवरण में छुपाया गया। यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि इतिहास के उन पन्नों को उजागर करने का साहसिक प्रयास है, जिन्हें दशकों तक जानबूझकर धुंध में रखा गया। गहन शोध, उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय दस्तावेज़ों और ऐतिहासिक साक्ष्यों पर आधारित यह फ़िल्म वर्तमान वैश्विक भू-राजनीति की जड़ों को हिला देने वाले तथ्यों को सामने लाने का दावा करती है। बकौल प्रोड्यूसर कल्याणी सिंह 'अनटोल्ड ट्रुथ ऑफ़ सुभाष चंद्र बोस' देशवासियों को न केवल इतिहास का एक नया दृष्टिकोण देगी, बल्कि राष्ट्रवाद, बलिदान और सच्ची स्वतंत्रता के अर्थ पर भी पुनर्विचार करने को विवश करेगी। यह फिल्म आने वाली पीढ़ियों के लिए नेताजी के विचारों, संघर्ष और बलिदान को नई चेतना के साथ प्रस्तुत करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.