श्रीगंगानगर। राजस्थान राज्य सहकारी बैंक के निर्देशानुसार फसलवार, पशुपालन एवं मत्स्य पालन हेतु वित्तमान (स्केल ऑफ फाइनेंस) निर्धारित करने हेतु मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तकनीकी कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान स्केल ऑफ फाइनेंस पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने स्केल ऑफ फाइनेंस पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को राज्य सरकार के निर्देशानुसार कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिले में फसलवार मापदण्ड निर्धारित करते समय किसानों का भी पक्ष देखा जाये। साथ ही कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों से भी सुझाव लिये जायें।
दी गंगानगर केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक श्री संजय गर्ग ने इस दौरान उपस्थितजनों को फसलवार, पशुपालन, मत्स्य पालन हेतु निर्धारित मापदण्डों से अवगत करवाया। जिले में वर्तमान लागू मापदण्ड संबंधित विभागों के सुझाव से भी अवगत करवाया गया। कृषि विभाग और उद्यान विभाग के साथ-साथ लीड बैंक के अधिकारियों से भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री सुरजीत कुमार, उद्यान विभाग की उपनिदेशक श्रीमती प्रीति गर्ग, उपरजिस्ट्रार सहकारी समितियां श्री दीपक कुक्कड़, एलडीएम श्री मुकेश जांगड़ा, श्री विकास गर्ग सहित अन्य मौजूद रहे।