पिम्स उमरड़ा में मिंत्रा ग्लैमफेस्ट प्री-जेनेसिस 2026 का धमाकेदार आयोजन, कलाकारों ने बांधा समां

( 318 बार पढ़ी गयी)
Published on : 05 Feb, 26 15:02

पिम्स उमरड़ा में मिंत्रा ग्लैमफेस्ट प्री-जेनेसिस 2026 का धमाकेदार आयोजन, कलाकारों ने बांधा समां

उदयपुर : शहर के प्रतिष्ठित पिम्स मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, साईं तिरुपति यूनिवर्सिटी, उमरड़ा में आयोजित मिंत्रा ग्लैमफेस्ट प्री-जेनेसिस 2026 ने युवाओं के जोश, फैशन और संगीत का ऐसा संगम प्रस्तुत किया, जिसने हर मौजूद दर्शक को मंत्रमुग्ध कर दिया। मिंत्रा (ऑनलाइन फैशन ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म) के साथ आयोजित इस भव्य आयोजन में कॉलेज से जुड़े लगभग 4500 विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति देखने को मिली, जिससे पूरा कैंपस उत्सवमय माहौल में डूबा रहा। शुरुआत से लेकर अंत तक उत्साह चरम पर बना रहा।
कार्यक्रम की शानदार शुरुआत राजस्थानी लोक अंदाज़ में “पधारो म्हारे देश” की मधुर प्रस्तुति से हुई, जिसने कैम्पस को पूरी तरह राजस्थानी रंग में रंग दिया। लोक संगीत को बढ़ावा देते हुए कलाकारों ने सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक पेश की। इसके पश्चात मंच संभाला प्रसिद्ध कवि एवं शायर रंगमल जैन ने, जिनकी ओजपूर्ण और भावनात्मक शायरी ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। तालियों की गूंज और वाह-वाह के बीच उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम के यादगार पलों में से एक रही।
इसके बाद फैशन वॉक ने पूरे आयोजन को एक नया आयाम दिया। पिम्स से जुड़े स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने अलग-अलग थीम और आकर्षक परिधानों में रैंप वॉक किया। खास बात यह रही कि इन परिधानों को छात्रों ने स्वयं डिज़ाइन किया था, जिससे उनकी रचनात्मकता और फैशन सेंस को भरपूर सराहना मिली। शाम का सबसे बड़ा आकर्षण रहे विश्वविख्यात सिंगर और डीजे ऋत्विज़, जिनकी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस पर युवा झूम उठे। “उड़ गए”, “बरसो” और “आरी आरी” जैसे हिट गानों पर पूरा कैंपस थिरकता नजर आया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में डीजे इंडोमाफिया के जबरदस्त डीजे सेट ने पूरे परिसर में ऊर्जा भर दी। तेज बीट्स और लाइट्स के साथ लोग नाचने को मजबूर हो गए और पूरा परिसर एक भव्य सेलिब्रेशन ज़ोन में तब्दील हो गया।
इस अवसर पर पिम्स के कार्यकारी निदेशक  नमन अग्रवाल ने बताया कि जेनेसिस पिम्स का एक मेगा इवेंट है और उससे पहले प्री-जेनेसिस आयोजित करने का उद्देश्य छात्रों के बीच उत्साह एवं रचनात्मक माहौल बनाना है। यह मंच छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े आयोजनों के लिए खुद को तैयार करने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही श्री नमन अग्रवाल ने यह भी जानकारी दी कि इसी माह आयोजित होने वाला “पिम्स मेवाड़ कप” पिम्स द्वारा आयोजित एक अलग खेल आयोजन होगा, जिसमें क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह भी इसी तरह देखने को मिलेगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.