उदयपुर। माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (टी.आर.आई.), उदयपुर द्वारा जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अधीन संचालित आश्रम छात्रावासों के अधीक्षकों हेतु छः दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की “सपोर्ट टू टी.आर.आई.” योजना के अंतर्गत शुक्रवार 06 फरवरी से 10 फरवरी तक आयोजित होगा।
टीआरआई निदेशक ओ पी जैन ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रम छात्रावास अधीक्षकों को उनके दायित्वों के प्रभावी निर्वहन हेतु आवश्यक प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं प्रबंधकीय ज्ञान प्रदान करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रावास अधीक्षक कर्तव्य, छात्रावास की दैनिक दिनचर्या एवं संचालन से संबंधित आवश्यक समितियों का गठन, रिकॉर्ड संधारण, बालिका सुरक्षा एवं पॉक्सो एक्ट के प्रावधान, छात्रावास भंडार का रख-रखाव एवं परिसर स्वच्छता, छात्रों की काउंसलिंग, छात्रावास सामग्री क्रय एवं डीबीटी प्रक्रिया, एच.एस.एम.एस. पोर्टल का संचालन तथा छात्र संबंधित डाटा एंट्री एवं अद्यतन प्रक्रिया आदि विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र में श्री कृष्णपाल सिंह, अतिरिक्त आयुक्त प्रथम, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर, श्री हर्षवर्धन सिंह सोलंकी, व्याख्याता टी.आर.आई., श्री अनुराग मेदतवाल, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी एवं उपायुक्त, टी.ए.डी. कार्यालय उदयपुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला सलूंबर में स्थित आश्रम छात्रावासों के 24 छात्रावास अधीक्षकों ने भाग लिया।