राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग का 27वां सामूहिक विवाह समारोह कल, आज होगा महिला संगीत, 40 जोड़े लेंगे 7 फेरे

( 855 बार पढ़ी गयी)
Published on : 08 Feb, 26 15:02

वर-वधु पक्ष से मात्र 1-1 रूपयें की शगुन राशि ली गई

राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग का 27वां सामूहिक विवाह समारोह कल, आज होगा महिला संगीत, 40 जोड़े लेंगे 7 फेरे

उदयपुर। राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग द्वारा आयोजित 27वां सामूहिक विवाह समारोह 10 फरवरी को शहर के सूरजपोल स्थित फतह स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
राजपूत महासभा संस्थान के अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने कार्यक्रम को लेकर रविवार को महासभा की ओर से सूरजपोल स्थित होटल देव दर्शन में प्रेस वार्ता में बताया कि यह 27वां सामूहिक विवाह समारोह ऐतिहासिक रहने वाला है। उन्होंने बताया कि अब तक 40 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है और यह विवाह समारोह पूरी तरह निशुल्क रहेगा। वर वधु से शगुन के रूप में एक रुपया लिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर 40 मंडप बनेंगे तथा 40 पंडित विधि-विधान से विवाह संपन्न कराएंगे। भाटी ने बताया कि 10 फरवरी सुबह 9 बजे टाउन हॉल से बारात भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाली जाएगी, जिसमें वर-वधु के लिए 40 घोड़े और 10 बागियों की व्यवस्था की गई है। बैंड-बाजों के साथ वर-वधु टाउन हॉल से सूरजपोल, फतह मेमोरियल मार्ग से होते हुए फतह स्कूल ग्राउंड पहुंचेंगे। विवाह से एक दिन पूर्व 9 फरवरी को वर-वधु के लिए महिला संगीत और हल्दी मेहंदी का कार्यक्रम होटल देव दर्शन में आयोजित किया जाएगा।
महासभा के महासचिव प्रदीप सिंह भाटी ने बताया कि समारोह में उद्योगपति एवं समाजसेवी मेघराज सिंह रॉयल, समाजसेवी ठाकुर साहब रतन सिँह झाला, समाजसेवी राम प्रताप सिंह डिगी, पूर्व मंत्री एवं समाजसेवी प्रताप सिंह खाचरियावास, समाजसेवी कर्नल प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत, युवा उद्यमी एवं समाजसेवी हिम्मत सिंह झाला, पूर्व विधायक महाराज रणधीर सिंह भींडर सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। समारोह में विभूति सम्मान, समाज गौरव सम्मान, भामाशाह सम्मान के साथ ही क्षत्रिय और क्षत्राणी सम्मान भी प्रदान किये जायेंगे।  
महासभा के सचिव हितेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। पानी, पार्किंग, सुरक्षा तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग भोजन व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले मेहमानों और जोड़ों के ठहरने की व्यवस्था 9 फरवरी को होटल देव दर्शन में की गई है। वही दुल्हनों के लिए वासुपूज्य जैन धर्मशाला की गयी है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.