उदयपुर।स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है—इसी सोच को साकार करते हुए उपभोक्ता सुरक्षा संगठन एवं इनर व्हील क्लब उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सरकारी कॉलेज स्तरीय एससी छात्रावास (एसजेईडी विभाग) में निवासरत छात्राओं के लिए नि:शुल्क एक दिवसीय एक्यूप्रेशर जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सायं 5.00 बजे से 8.30 बजे तक चला।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब उदयपुर की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला कोठारी, सचिव बबिता जैन एवं रश्मि पगारिया ने नारी शक्ति से सम्मानित मुख्य वक्ता डॉ. अल्पना बोहरा का ऊपरना पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. अल्पना बोहरा—अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ, उपभोक्ता सुरक्षा संगठन, जिला उदयपुर एवं पूर्व वरिष्ठ अधिकारी, रोल्टा इंडिया लिमिटेड (मुंबई)—ने एक्यूप्रेशर चिकित्सा पद्धति के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि परीक्षा तनाव, चिंता, अनिद्रा, एकाग्रता की कमी और मानसिक अशांति जैसी समस्याओं में एक्यूप्रेशर अत्यंत प्रभावी एवं सहज उपाय है।
डॉ. बोहरा ने कहा कि परीक्षा के समय बढ़ा हुआ मानसिक दबाव शरीर की ऊर्जा को कमजोर कर देता है और पाचन तंत्र को भी प्रभावित करता है, ऐसे में मानसिक संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने मन एवं आंखों को शांत रखने वाले विशेष एक्यूप्रेशर बिंदुओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने दैनिक जीवन में टहलने, प्राणायाम करने, नंगे पैर धरती पर चलने तथा घास पर बैठने जैसे प्राकृतिक उपायों (ग्राउंडिंग) के महत्व को समझाया। साथ ही संतुलित आहार—फल, सब्जियां, मेवे एवं प्रोटीन—को अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला बताया।
शिविर के दौरान डॉ. बोहरा ने माइग्रेन, सिरदर्द, साइनस, सर्वाइकल, कमर दर्द, उच्च व निम्न रक्तचाप, गैस, ब्लोटिंग, एसिडिटी एवं कब्ज जैसी समस्याओं में एक्यूप्रेशर के प्रभावी बिंदुओं का लाइव डेमो दिया तथा छात्राओं से प्रत्यक्ष अभ्यास भी कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पद्धति बिना दवा, पूर्णतः सुरक्षित और साइड इफेक्ट रहित है, जिसे कोई भी व्यक्ति स्वयं घर पर कर सकता है।
शिविर में 65 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथ-पैर के एक्यूप्रेशर बिंदुओं को नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।
सभी प्रतिभागियों ने इस स्वास्थ्य जागरूकता पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
छात्रावास वार्डन स्नेहा चौधरी एवं आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे उपयोगी एवं छात्रोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में इनर व्हील क्लब उदयपुर की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला कोठारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।