झीलों की नगरी में क्रिकेट का महाकुंभ

( 1037 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Feb, 26 15:02

लेकसिटी उदयपुर में गूंजेगा चौकों-छक्कों का शोर, सितारा क्रिकेटर्स करेंगे मैदान में धमाल

झीलों की नगरी में क्रिकेट का महाकुंभ

उदयपुर। झीलों और महलों की पहचान रखने वाला उदयपुर अब क्रिकेट के रंग में रंगने जा रहा है। इस फरवरी, लेकसिटी क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होने वाली है, जब भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल के नामी खिलाड़ी उदयपुर की धरती पर अपने जौहर दिखाएंगे।

21 से 28 फरवरी 2026 तक शिकारवाड़ी ग्राउंड पर आयोजित होने जा रहे रॉकवुड्स ब्लेजिंग स्ट्राइकर क्रिकेट कप को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस टी-20 टूर्नामेंट के सभी मुकाबले डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल होने वाली कूकाबुरा गेंद से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

प्रेसवार्ता में आयोजन अध्यक्ष सुनील लढ्ढा, आयोजन सचिव विवेक घई के साथ उदयपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, यूडीसीए सचिव मनोज चौधरी, जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा एवं सीए मनीष अग्रवाल ने टूर्नामेंट की जानकारी दी।

दीपक शर्मा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार, लेग स्पिनर रवि बिश्नोई, विकेटकीपर बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल, पवन नेगी सहित आईपीएल के उभरते सितारे मंगेश यादव, शिवम सिंह, प्रियांश आर्य, आर्यन जोहेल और शुभम गड़वाल के शामिल होने की संभावना है।

आठ टीमें, जबरदस्त टक्कर

आयोजन सचिव विवेक घई ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 3 आईपीएल खिलाड़ी और 5 रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी होना अनिवार्य रहेगा। टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा, जहां से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

हर दिन क्रिकेट का डबल डोज

प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे—एक दिन में और दूसरा दूधिया रोशनी में नाइट मैच के रूप में। नाइट मैचों के लिए विशेष लाइटिंग और दर्शकों की सुविधाओं के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएंगे।

लाखों की इनामी राशि, रंगीन किट

खिलाड़ियों को आकर्षक रंगीन किट प्रदान की जाएगी। टूर्नामेंट की विजेता टीम को ₹10 लाख और उपविजेता को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

उदयपुर को मिलेगा नई पहचान

इस अवसर पर यूसीए अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि इस तरह के हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट से न सिर्फ युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा, बल्कि उदयपुर को एक उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में भी नई पहचान मिलेगी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए संघ की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.