अशोका पैलेस में सोमवार को बहेगी शिव भजनों की गंगा, बच्चों के लिए सजेगी 'बाल शिव' प्रतियोगिता

( 774 बार पढ़ी गयी)
Published on : 14 Feb, 26 11:02

अशोका पैलेस में सोमवार को बहेगी शिव भजनों की गंगा, बच्चों के लिए सजेगी 'बाल शिव' प्रतियोगिता

उदयपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 'सुरों की मंडली' संस्था द्वारा आगामी सोमवार, 16 फरवरी को एक भव्य भक्तिमय संध्या का आयोजन किया जा रहा है। "शिव स्तुति" नामक यह संगीत संध्या अशोका पैलेस में शाम 4:00 बजे आयोजित होगी, जिसमें शहर के सुरसाधक भगवान शिव के भजनों और गीतों की मधुर प्रस्तुतियाँ देंगे।

संगीत के जरिए जनमानस को जोड़ने की पहल

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य संगीत को आम जनमानस तक पहुँचाना है। इसी क्रम में समय-समय पर धार्मिक और संगीत जगत की महान विभूतियों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अगले माह नवरात्रि के अवसर पर नाथद्वारा रोड स्थित 'वैष्णो देवी माता मंदिर' में "मां की महिमा" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा।

बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ेगी 'बाल शिव' प्रतियोगिता

कार्यक्रम संयोजक रमेश दतवानी ने बताया कि इस आयोजन का विशेष आकर्षण 4 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए आयोजित प्रतियोगिता होगी। इसमें बच्चे 'बाल शिव' की वेशभूषा में सजकर आएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो और सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे, वहीं अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को अपनी सनातनी संस्कृति और धर्म से रूबरू करवाना है।

जोर-शोर से चल रही है तैयारियां

संस्था सचिव अरुण चौबीसा ने उदयपुर के समस्त शिव भक्तों से अपील की है कि वे इस संगीत संध्या में अपने परिवार और इष्टमित्रों सहित पधारकर धर्म और संगीत का लाभ उठाएं। सुरों की मंडली के कोषाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सदस्यों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के दिन सभी सदस्य उपस्थित रहकर इसे भव्य बनाएंगे। संस्था के ईश्वर जैन 'कौस्तुभ' पिछले 10 दिनों से सुरसाधकों को कराओके संगीत पर शिव भजनों और गीतों का गहन अभ्यास करवा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम में शिव भक्ति का अनूठा समां बांधा जा सके।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.