उदयपुर। अशोक नगर मेन रोड स्थित दातापति हनुमान शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव भोले सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रातः काल से ही मंदिर के बाहर शिव भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
समिति के गौरव कंधारी ने बताया कि समिति द्वारा की गई सुव्यवस्थित तैयारियों के चलते आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से सम्पन्न हुआ। प्रात: 6 बजे से प्रारंभ हुआ भोले प्रसाद वितरण देर तक जारी रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
समिति के जितेंद्र कालरा ने बताया कि समिति की ओर से विशेष भोले प्रसाद की व्यवस्था की गई थी, जिसमें केसर युक्त दूध, फल, सेगारी, पकौड़े एवं मिठाई का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेगारी (फलाहारी) प्रसाद की अलग से व्यवस्था की गई थी, जिसकी भक्तों ने सराहना की।
समिति के दिपक बिलोची ने बताया कि आयोजन की सफलता में सभी सेवकों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हर व्यवस्था — प्रसाद वितरण, कतार प्रबंधन एवं स्वच्छता — सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गई।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर के बाहर देर तक भक्ति संगीत और जयघोष से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में सुनील कालरा, शैलेन्द्र तलदार, अनिल कस्तुरी, राजेन्द्र जैन, दीपक बिलोची, गौरव कंधारी, अनिल माटा, जितेन्द्र कालरा, हेमन्त गौड़, चिराग खथूरिया , नरेंद्र डेम्बला,विकास छाबड़िया सहित समिति के अनेक सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
शिव भोले सेवा समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सेवकों का आभार व्यक्त किया।