उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु डॉ. मधुसूदन शर्मा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
डॉ. शर्मा का पार्थिव शरीर दोपहर 12:00 बजे गोंदिया भेरुजी सुथारवाड़ा स्थित निवास स्थान पर अंतिम दर्शनार्थ रखा गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने कांग्रेस पार्टी का ध्वज एवं पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात अंतिम यात्रा निवास स्थान से अशोकनगर मोक्षधाम के लिए रवाना हुई।
इस अवसर पर पंकज कुमार शर्मा, फतेह सिंह राठौड़, सुरेश श्रीमाली, राजीव सुहालका, नीलिमा सुखाड़िया, वीरेंद्र वैष्णव, लाल सिंह झाला, गोपाल शर्मा, सीमा पंचोली, स्वयंभू शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के डीन, प्रोफेसर एवं डायरेक्टर, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में परिवारजन उपस्थित रहे।
शोक व्यक्त करते हुए पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि डॉ. मधुसूदन शर्मा का निधन कांग्रेस पार्टी एवं संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा तथा आने वाले समय में उनकी क्षतिपूर्ति असंभव है।