जिला स्तरीय मुकाबले 20 व 21 फरवरी को, 10 टीमें लेंगी भाग

( 270 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Feb, 26 16:02

     जैसलमेर। राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत जैसलमेर जिले में चयनित जिम्नास्टिक खेल की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 20 एवं 21 फरवरी को इंदिरा इंडोर स्टेडियम स्थित जिला खेल-कूद प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता जिले के उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

     प्रभारी अधिकारी (सामान्य) एवं उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल ने प्रतियोगिता की पूर्व तैयारियों एवं सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किए हैं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से सम्पन्न हो सके।

      जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिले के विभिन्न ब्लॉकों, स्थानीय क्लबों एवं विद्यालयों से लगभग 10 टीमों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। साथ ही शिक्षा विभाग द्वारा ज्यूरी के लिए शारीरिक शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है एवं जिला जिम्नास्टिक संघ, जैसलमेर के क्लब भी इस प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

     उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के इच्छुक छात्र-छात्राएं अपना आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, अंक तालिका एवं जन्म प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित तिथि पर इंदिरा इंडोर स्टेडियम पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.