जैसलमेर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री स्कूल्स योजना के तहत चयनित विद्यालयों के प्रस्तावित केंद्रीय निरीक्षण को दृष्टिगत रखते हुए जिले में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में साक्षरता निदेशालय से नियुक्त जिला प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त निदेशक नरेन्द्र चौधरी ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान जैसलमेर जिले के पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण किया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी लालचन्द नहेलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभारी अधिकारी ने जिला स्तर पर बैठक आयोजित कर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक परियोजना समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक अभियंता, सहायक लेखाधिकारी तथा समस्त पीएम श्री विद्यालयों के संस्था प्रधानों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 21 संतृप्ति बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई एवं प्रत्येक बिंदु पर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी ने रामदेवरा, के.के.वास पोकरण, धायसर, दिधु, 2 एमडी महादेवनगर, श्रीमोहनगढ़-सजय एवं कनोई स्थित पीएम श्री विद्यालयों का दौरा कर शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, डिजिटल संसाधन, स्वच्छता, प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने विद्यालय परिसरों की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी लालचन्द नहेलिया, सहायक परियोजना समन्वयक भेराराम लीलर एवं कार्यक्रम अधिकारी नवीन सिंह भी उपस्थित रहे।
जिले में प्रस्तावित केंद्रीय दल के निरीक्षण से पूर्व प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा समन्वित प्रयासों से पीएम श्री विद्यालयों को उत्कृष्ट मानकों पर तैयार किया जा रहा है, ताकि गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं नवाचार आधारित शिक्षा की परिकल्पना को साकार रूप दिया जा सके।