अमृता हाट मेला -  तृतीय दिवस अमृता प्रीमियम लीग, जागरूकता सत्र एवं  सांस्कृतिक आयोजन

( 656 बार पढ़ी गयी)
Published on : 20 Feb, 26 15:02

अमृता हाट मेला -  तृतीय दिवस अमृता प्रीमियम लीग, जागरूकता सत्र एवं  सांस्कृतिक आयोजन

उदयपुर। अमृता हाट मेले के तीसरे दिन उत्साह, खेल भावना और जागरूकता कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिला। दिनभर खेल प्रतियोगिताएँ, महिला सशक्तिकरण गतिविधियां एवं रात्रि में  सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले को जीवंत बना दिया।

अमृता प्रीमियर लीग - 2026 के तहत रस्साकस्सी प्रतियोगिता

मेले के अंतर्गत अमृता प्रीमियम लीग का आयोजन खेल शिक्षक सुनील एवं अनिल द्वारा करवाया गया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की ब्रांड एम्बेसडर एवं मुक्केबाज़ झलक तोमर ने भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। रस्साकस्सी प्रतियोगिता आरएनटी मेडिकल कॉलेज की छात्रावास बालिकाओं एवं महिला स्वयं सहायता समूह के बीच आयोजित हुई। रोमांचक मुकाबले में महिला स्वयं सहायता समूह ने विजय प्राप्त कर एकजुटता और सामूहिक शक्ति का परिचय दिया। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। झलक तोमर ने अपने संबोधन में  कहा “खेल हमें आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना सिखाता है। बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं, बस उन्हें अवसर और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।”

बैंकिंग फ्रॉड पर विशेष जागरूकता सत्र

इस अवसर पर डीसीबी बैंक के शाखा प्रबंधक मोहित त्रिवेदी नटे महिलाओं के लिए बैंकिंग फ्रॉड से बचाव पर विशेष सत्र आयोजित किया। उन्होंने डिजिटल भुगतान में सावधानी, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध कॉल से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।

निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्वीसेज अथॉरिटी से संतोष जी एवं अधिवक्ता कृष्णा श्वेता ने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराया जाता है।

रात्रि में जादूगर शो

रात्रि में आयोजित भव्य जादूगर शो ने मेले में आए बच्चों और महिलाओं का भरपूर मनोरंजन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों और अद्भुत जादुई करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित स्टॉलों पर अब तक लगभग 3.90 लाख की बिक्री दर्ज की गई है। यह उपलब्धि महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय मंच संचालन जेंडर स्पेशलिस्ट विमला वीरावल द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहाकृअमृता हाट मेला केवल एक व्यापारिक मंच नहीं है, बल्कि यह महिलाओं और बालिकाओं के लिए अवसरों का द्वार है। जब हम बेटियों को शिक्षा, खेल, कानूनी जागरूकता और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ते हैं, तब समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव होता है। महिला स्वयं सहायता समूहों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि महिलाएँ हर क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है, सामाजिक सहभागिता मजबूत होती है और बेटियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलती है।  
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.