उदयपुर। सिंधी युवा संगठन द्वारा समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पूज्य श्री जैकबआबाद सिंधी पंचायत के तत्वावधान में शक्ति नगर स्थित झूलेलाल भवन में आज नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में समाज के 102 जनों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं सामान्य निशुल्क जांच का लाभ उठाया।
शिविर प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित गीतांजलि हॉस्पिटल के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. पंखुरी अग्रवाल (चर्म रोग), डॉ. सौरव चट्टोपाध्याय (नस एवं मस्तिष्क रोग), डॉ. गौरव छाबड़ा (फेफड़े एवं श्वास रोग) तथा डॉ. राजेश चौधरी (जनरल मेडिसिन) ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में त्वचा रोग, श्वास संबंधी समस्याएं, नसों के विकार एवं सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर आए मरीजों को विशेषज्ञ सलाह प्रदान की गई। कई मरीजों ने अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर परामर्श लिया, जिससे उन्हें सटीक मार्गदर्शन मिल सका। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर भी विशेष बल दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि समाज के प्रत्येक वर्ग—युवा, बुजुर्ग एवं महिलाओं—ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। 102 लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं सामान्य जांच उपलब्ध कराकर संगठन ने समाजहित में अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उपस्थित समाजजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
सिंधी युवा संगठन द्वारा सामाजिक, धार्मिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के माध्यम से समाज में निरंतर सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सेवा एवं एकजुटता की भावना सुदृढ़ हो रही है।