नशा मुक्त अभियान के तहत जिला कलक्टर व एसपी ने किया सहयोगियों को सम्मानित

( 437 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Feb, 26 17:02

नशा मुक्त अभियान के तहत जिला कलक्टर व एसपी ने किया सहयोगियों को सम्मानित

श्रीगंगानगर। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त श्रीगंगानगर के लिए अभियान ऑपरेशन सीमा संकल्प के अंतर्गत जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में मंगलवार को “सहयोगियों का सम्मान“ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समाज में नशे के खिलाफ जागरूक करने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मंजू (जिला कलेक्टर) एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अमृता दुहन (जिला पुलिस अधीक्षक) उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से नशा मुक्त श्री गंगानगर अभियान के सह-प्रभारी श्री विक्रम ज्याणी ने जब उन सहयोगियों के नाम पुकारे गए जिन्होंने नशे के खिलाफ समाज में चेतना की अलख जगाई, तो तालियों की गूंज ने यह साबित कर दिया कि यह केवल सम्मान नहीं, बल्कि समाज के जागरण का उत्सव है।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सम्मानित सहयोगियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि आपकी उस योग्यता और साहस का सम्मान है, जिसके साथ आपने नशे के खिलाफ खड़े होकर लोगों को प्रेरित किया। कोई भी पुलिस या प्रशासन अकेले कुछ नहीं कर सकता, जब तक समाज का साथ न मिले। हम आपसे आशा करते हैं कि आप इसी तरह इस मुहिम को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। समाज के लोगों को आगे आकर सहयोग करना होगा। जब तक हर गली, हर मोहल्ला और हर परिवार नशे के खिलाफ खड़ा नहीं होगा, तब तक यह जंग अधूरी रहेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने अपने संबोधन में कहा, आप सबके सहयोग से हम इस जंग को जीत सकते हैं। नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। आपका सहयोग बदलाव की नई इबारत लिख सकता है। जब समाज साथ खड़ा होता है, तो कोई भी बुराई टिक नहीं सकती। कार्यक्रम में श्री महावीर दुगेसर, श्रीमती सोनू सहारण, श्री सौरभ सहारण, श्री शिवराम नाथ, श्री अमन बराड़, श्री शैलेंद्र कुमार, श्री वीरेंद्र यादव, श्री फिरोज खान, श्री रूबी गौड़, श्री ओमप्रकाश कलिया, श्री नरेंद्र दास कामड, श्री राकेश कुमार, श्री मनोहर इंदलिया, श्री राकेश बेरड़, श्री हनुमान प्रसाद, श्री मदनलाल, श्री सोनू नायक एवं युवा क्लब रामपुरा न्योला उपस्थित रहे। 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.