श्रीगंगानगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) श्रीगंगानगर ने उपकारागृह, सूरतगढ़ का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपकारागृह में निरूद्ध बंदियों से वार्ता कर प्रकरणों में पैरवी हेतु नियुक्त अधिवक्ताओं के बारे में जानकारी ली गई तो समस्त बंदियों के पास अपने प्रकरणों में अधिवक्ता नियुक्त होना बताया गया तथा नई आमद बंदियों से वार्ता की तो किसी भी बंदी द्वारा उपकारागृह में भोजन, पानी, सफाई, चिकित्सा इत्यादि सम्बंधी कोई शिकायत नहीं की गई। इस दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया।
उपकारागृह में स्थित बैरकों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था पाई गई। इस दौरान माननीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश द्वारा उपकारागृह में पूर्व में संचालित विधिक सेवा क्लिनिक का नवीन व सम्पूर्ण सुविधायुक्त कक्ष में उद्घाटन किया गया एवं व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नियुक्त विजिटिंग अधिवक्ता श्री तुषार गुप्ता व पीएलवी श्री राजेश पारीक द्वारा नियमित रूप से बंदियों के विभिन्न प्रकार के रजिस्टरों में अभिलेख का संधारण किया जाना पाया गया व अभिलेखानुसार जेल विजिटिंग अधिवक्ता व पी.एल.वी. नियमित रूप से जेल में विजिट किया जाना पाया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश द्वारा बंदीगण को साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई। सजाबंदियों की परिजनों से वार्ता करने हेतु वार्ड के बाहर ही एसटीडी की सुविधा होना पाई गई। इसके पश्चात् कारागृह में कीचन की विजिट कर भोजन की गुणवत्ता व डाईट स्केल की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रवि प्रकाश सुथार (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपकारागृह के श्री अरविन्द रिणवा, इंचार्ज उपकारापाल, श्री रामवतार मुख्य प्रहरी, श्री कमलराम प्रहरी, श्री शंकरलाल प्रहरी, श्री ओमप्रकाश प्रहरी सहित कारागृह स्टाफ उपस्थित मिले।