भारत बनेगा दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब: श्री प्रवीण खण्डेलवाल

( 748 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Feb, 26 18:02

भारत बनेगा दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब: श्री प्रवीण खण्डेलवाल

उदयपुर। उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा काॅन्फीड्रेशन आॅफ आॅल इण्डिया ट्रेडर्स (केट) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, दिनांक 24 फरवरी 2026 को श्री प्रवीण खण्डेलवाल, सांसद (चांदनी चैक), नई दिल्ली एवं सेक्रेटरी जनरल, केट के साथ एक परिचर्चात्मक बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूसीसीआई के अध्यक्ष श्री मनीष गलूंडिया ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। मानद महासचिव श्री आशीष छाबड़ा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि श्री प्रवीण खंडेलवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के केंद्रीय बजट में एमएसएमई क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है और यह केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने एमएसएमई क्षेत्र के विकास हेतु ₹10,000 करोड़ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत फंड’ के अंतर्गत ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को प्रोत्साहन देने के लिए ₹4,000 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।

उन्होंने जानकारी दी कि देश के लगभग 250 स्थापित औद्योगिक क्लस्टरों में आधारभूत संरचना के विकास हेतु नीति एवं फंड स्थापित किए जा रहे हैं, जिसमें संपूर्ण राशि केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यूसीसीआई से आग्रह किया कि दक्षिणी राजस्थान में संभावित क्लस्टर सेक्टर की पहचान कर इस योजना का लाभ उठाने में अग्रणी भूमिका निभाए।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि कॉर्पोरेट क्षेत्र की वृद्धि दर अब संतृप्ति की स्थिति में है तथा देश की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर समतल रेखा पर है, जबकि एमएसएमई क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत विश्व की सबसे बड़ी उपभोक्ता अर्थव्यवस्था है, किंतु सरकार का लक्ष्य भारत को विश्व की सबसे बड़ी विनिर्माण अर्थव्यवस्था बनाना है। इसी उद्देश्य से ‘मेक इन इंडिया’ एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि भारत का सबसे बड़ा व्यापार मेला “ भारत व्यापार महोत्सव 2026” का आयोजन 1 से 4 मई 2026 तक भारत मण्डपम - प्रगति मैदान, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस बहु-क्षेत्रीय व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा तथा केंद्र सरकार के लगभग 20 मंत्री एवं 10 से 15 राज्यों के मुख्यमंत्री इसमें भाग लेंगे। 50 देशों के राजनयिक भी मेले का भ्रमण करेंगे।

उन्होंने बताया कि मेले में सेक्टर-वार स्टॉल, बी2बी एवं बी2सी बैठक सुविधाएं, फूड स्टॉल एवं सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी। मेले में नकद लेन-देन की अनुमति नहीं होगी, केवल डिजिटल भुगतान स्वीकार किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा हेतु मोबाइल ऐप, क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण, एआई असिस्टेंट, गूगल मैप आधारित मार्गदर्शन एवं स्वयंसेवकों की व्यवस्था रहेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि मेले में भारत के गौरव ‘ब्रह्ममोस’ मिसाइल का प्रदर्शन किया जाएगा तथा इसके निर्माण से जुड़ी लगभग 200 भारतीय कंपनियों के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप 50 एकड़ भूमि व्यापार एक्सपो हेतु आरक्षित की गई है।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि केंद्र सरकार 83 देशों में अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने की प्रक्रिया में है, जहां भारतीय व्यापारी प्रमुख भूमिका में हैं। भारत का वैश्विक निर्यात योगदान 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। यूरोपीय संघ के 27 देशों के साथ व्यापार समझौता किया जा चुका है तथा अमेरिका के साथ मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल 2026 के प्रथम सप्ताह में समझौते की प्रक्रिया प्रगति पर है।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार व्यवसायियों के विरुद्ध वित्तीय एवं कर संबंधी त्रुटियों के लिए लागू लगभग 1000 आपराधिक प्रावधानों को समाप्त करने तथा नए एमएसएमई इकाइयों की स्थापना हेतु सिंगल-शॉट क्लीयरेंस / एनओसी व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया में है।

प्रश्नोत्तर सत्र में उपस्थित सदस्यों ने मेले एवं एमएसएमई योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाएं रखीं, जिनका समाधान श्री खंडेलवाल ने विस्तार से किया।

कार्यक्रम का संचालन मानद महासचिव श्री आशीष छाबड़ा ने किया। इस अवसर पर केट के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव श्री सुमित अग्रवाल, राजस्थान प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री मनोज गोयल, केट महिला विंग उदयपुर की अध्यक्षा श्रीमती विजय लक्ष्मी गलूंडिया, सचिव डॉ. सोनू जैन, केट उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष श्री दिनेश चोरड़िया एवं सचिव श्री महेंद्र तलेसरा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में संरक्षक श्री बी.एच. बापना, पूर्वाध्यक्ष श्री पी.एस. तलेसरा, पूर्वाध्यक्ष श्री वी.पी. राठी, कोषाध्यक्षा श्रीमती हसीना चक्कीवाला, श्री जकी चक्कीवाला, श्री राकेश सामर, डॉ. हितांशु कौशल, श्री अंशुल मोगरा, श्री शालीन हरलालका, श्रीमति प्रिया मोगरा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कोषाध्यक्षा श्रीमती हसीना चक्कीवाला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम के अंत में भारत व्यापार महोत्सव 2026 के पोस्टर का विमोचन किया गया।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.