खाटूश्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं की रींगस रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही भीड़

( 954 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Feb, 26 17:02

-रेलवे प्रशासन ने किए पुख्ता प्रबंध

खाटूश्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं की रींगस रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही भीड़

श्रीगंगानगर/रींगस/जयपुर। खाटूश्यामजी मेले के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियाँ की गई हैं। मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएँ लागू की गई हैं। रेल प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए 24 घंटे निगरानी एवं नियंत्रण की व्यवस्था की है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर श्रीमती पूजा मित्तल के अनुसार मेले के दौरान स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखने के उद्देश्य से यात्रियों को ट्रेन प्रस्थान समय से एक घंटे पूर्व ही स्टेशन परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा तथा सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर भी टिकट की व्यवस्था की गई है, जिससे लंबी कतारों से राहत मिलेगी और यात्रियों को शीघ्र टिकट उपलब्ध हो सकेगा।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में यात्रा टिकट चेकिंग के उपरांत ही प्रवेश की व्यवस्था लागू की गई है। इससे बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा तथा भीड़ को व्यवस्थित ढंग से प्लेटफॉर्म तक पहुँचाया जा सकेगा। मेले के मद्देनज़र 20 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु सुरक्षित रूप से यात्रा कर सकें।
रेल प्रशासन द्वारा एक विशेष मेला कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहाँ से 24 घंटे संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से ट्रेनों की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं पर सतत नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु लगभग 450 से अधिक आरपीएफ एवं जीआरपी जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए स्टेशन परिसर में सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं, जहाँ प्रशिक्षित कर्मचारी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।
यात्रियों को ठहरने एवं विश्राम की सुविधा प्रदान करने के लिए शेल्टर की व्यवस्था की गई है। यहाँ बैठने, पेयजल एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में 24 घंटे डॉक्टर एवं एंबुलेंस की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान की जा सके।
इसके अतिरिक्त, वाणिज्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के 100 से अधिक कर्मचारी 24 घंटे मेले में ड्यूटी कर रहे हैं। टिकट वितरण, यात्री मार्गदर्शन, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती भी की गई है, जिससे स्टेशन परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित बना रहे।
रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व स्टेशन पर पहुँचें, वैध टिकट के साथ यात्रा करें तथा रेलवे कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। भीड़भाड़ की स्थिति में धैर्य बनाए रखें एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
 रेलवे अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष खाटूश्याम मेले के दौरान रेल सेवाएँ सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित होंगी। रेल प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। डॉ. जगदीश कुमार.मेला अधिकारी रींगस/मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.