वर्ष 2026 के दो माह में बसंती लाल पगारिया सहित जैन समाज का चौथा देहदान

( 537 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 Feb, 26 16:02

वर्ष 2026 के दो माह में बसंती लाल पगारिया सहित जैन समाज का चौथा देहदान


उदयपुर, 28 फरवरी। बारह वर्ष पूर्व संकल्पधारी अहिंसापुरी निएवासी बसंती लाल पगारिया का आज प्रातः देहावसान होने पर उनकी पूर्व इच्छा के अनुरूप उनके परिवारजन कमल, ललित, नवल, भगवती एवं विनोद पगारिया ने देहदान एवं आई बैंक सोसाइटी को नेत्रदान कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनकी पार्थिव देह को भावभीनी देहदान यात्रा के साथ आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर लाया गया। यहां सैकड़ों समाजजनों एवं परिजनों की उपस्थिति में एनाटॉमी विभाग में विधिवत रूप से देहदान की प्रक्रिया संपन्न की गई एवं मेडिकल कॉलेज की ओर से देहदान प्रमाण पत्र पगारिया परिवारजन को भेंट किया।
बसंती लाल पगारिया एक मिलनसार, सरल एवं सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक  क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया। इस देहदान एवं नेत्रदान के पुनीत कार्य मे लच्छीराम हंजा बाई सुखलेचा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव गौतम सुखलेचा,  अमित तिवारी, आई बैंक से नवीन जीनगर एवं अन्य समाजजनों ने सहभागिता निभाई।  इस अवसर पर पगारिया परिवार का विशेष योगदान सराहनीय रहा।  
आरएनटी मेडिकल कॉलेज की ओर से डॉ प्रवीण ओझा, डॉ. श्वेता अस्थाना, डॉ. सुनील शर्मा , डॉ पूजा धाबाई, डॉ वैभव भटनागर एवं डॉ. सुशांत जी ने देहदान जैसे महान कार्य हेतु पगारिया परिवार एवं सुखलेचा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें साधुवाद दिया तथा इसे चिकित्सा शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर सुनील शर्मा ने बताया यह इस वर्ष का चौथा जैन समाज द्वारा स्वैच्छिक देहदान है। इससे पूर्व इसी वर्ष 2026 में आशुलाल कुडिर्या, संध्या नाहर एवं रवि खिमेशरा का देहदान हो चुका है। इसी प्रकार आशा धाम से भी देहदान हुए हैं। डॉ  आस्थाना ने बताया की आज दिन तक इस कॉलेज में 180 देहदान हुए हैं साथ ही आशा धाम एवं लावारिस शवो को मिलाकर कुल 235 से अधिक देहदान हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि सुखलेचा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा उदयपुर में अब तक 385 से अधिक देहदान संकल्प पत्र भरवाए जा चुके हैं तथा लगभग 51 देहदान आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में संपन्न कराए जा चुके हैं। साथ ज्ञात हो कि इन 51 देहदान में से 11 देहदान तो सुखलेचा परिवार के ही हैं। इसके साथ ही यह ट्रस्ट अहमदाबाद एवं बेंगलुरु में भी देहदान संकल्प पत्र एवं देहदान, नेत्रदान, रक्तदान करवा चुका है। ट्रस्ट द्वारा रक्तदान, नेत्रदान एवं अंगदान जैसे सामाजिक कार्य भी निरंतर कर रहा  हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.