उदयपुर के अशोका पैलेस में आज सजेगी 'फूल फाग रसिया' की भव्य महफिल, वल्लभकुल वैष्णवाचार्य वागधीश महाराज देंगे वचनामृत

( 888 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Mar, 26 18:03

उदयपुर के अशोका पैलेस में आज सजेगी 'फूल फाग रसिया' की भव्य महफिल, वल्लभकुल वैष्णवाचार्य वागधीश महाराज देंगे वचनामृत

उदयपुर। झीलों की नगरी में होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भक्ति, संगीत और रंगों का अनूठा संगम 'फूल फाग रसिया' का आयोजन आज 8 मार्च को शोभागपुरा स्थित अशोका पैलेस के मधुश्री बैंक्वेट हॉल में शाम 4:00 बजे शुरू होगा।

बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि श्री विट्ठलेश मंडल, कुमावत कीर्तनकार भक्त मंडल और बीसीआई के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में द्वितीयपीठ विट्ठलनाथ मंदिर के वल्लभकुल वैष्णवाचार्य 108 वागधीश महाराज की पावन उपस्थिति रहेगी।

कुमावत कीर्तनकार भक्त मंडल के गोपालदास कुमावत व राजेश कुमावत ने बताया कि उत्सव को पूरी तरह पारंपरिक और मर्यादित स्वरूप देने के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है।

महोत्सव में शामिल होने वाली महिलाएं 'फागनिया साड़ी' और पुरुष 'धोती-बुगलबंडी' या 'कुर्ता-पजामा' धारण कर शिरकत करेंगे। इस पारंपरिक परिवेश में जब फाग के पद गाए जाएंगे, तो पूरा वातावरण गोकुल-वृंदावन के सदृश भक्तिमय हो उठेगा। महाराज के सान्निध्य में भक्तों को न केवल फाग के रसमय पदों का आनंद मिलेगा, बल्कि उनके दिव्य वचनामृत का लाभ भी प्राप्त होगा।

कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव में फूलों की होली और रसिया गान विशेष आकर्षण होंगे। कुमावत कीर्तनकार भक्त मंडल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस दिव्य आयोजन में पधारकर फाग महोत्सव के आनंद के साथ पुष्टिमार्गीय संस्कृति से रूबरू हों।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.