श्रीगंगानगर। विश्व मानवाधिकार एसोसिएशन और श्री राधा गोविंद सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने आज संयुक्त रूप से जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारत सरकार से वैश्विक स्तर पर शांति स्थापना में निर्णायक भूमिका निभाने और विश्व युद्ध की छाया को दूर करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन देने का नेतृत्व विश्व मानवाधिकार एसोसिएशन के महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष और श्री राधा गोविंद सेवा फाउंडेशन
की संस्थापक अध्यक्ष रेनू अग्रवाल ने किया। उनके साथ प्रतिनिधिमंडल में गौरव गर्ग, गुरविंदरसिंह, संदीप बंसल विजय, ऋतु बंसल, सुरजीतकौर, मंजू जैन और रजनी चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।ज्ञापन में कहा गया कि सनातन काल से भारत ने पूरे विश्व को एक परिवार मानते हुए ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का संदेश दिया है और विश्व शांति का पक्षधर रहा है। लेकिन आज पूरी दुनिया विश्व युद्ध की भयावह आशंका से त्रस्त है। युद्ध की काली छाया एक-एक करके कई देशों को अपनी चपेट में ले चुकी है, जिससे जन-धन की भारी क्षति हो रही है। खाड़ी देशों समेत विश्व के विभिन्न हिस्सों में चल रहे भीषण युद्धों ने मानवता को गहरी चोट पहुंचाई है।
प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताते हुए कहा कि युद्ध का दुष्प्रभाव विकासशील देश भारत तक भी पहुंच रहा है। महंगाई बढ़ने के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं के अभाव से आम जनता बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे खाड़ी देशों तथा विश्व के अन्य क्षेत्रों में चल रहे युद्धों को समाप्त करने के लिए तत्काल कूटनीतिक पहल करें और मानवता की रक्षा में भारत की ऐतिहासिक भूमिका को एक बार फिर मजबूत बनाएं।