उदयपुर। आगामी आखातीज के अवसर पर आयोजित होने वाले मेघवाल समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मेघवाल समाज सुधार एवं जीर्णोद्धार समिति की ओर से रविवार को विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। समिति के अध्यक्ष रामलाल मेघवाल मनवाखेड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक 15 मार्च रविवार को सुबह 11 बजे उनके निवास स्थान मनवाखेड़ा में रखी गई है।
उन्होंने बताया कि बैठक में गिर्वा चौखला के अंतर्गत आने वाले मेघवाल समाज के सभी 33 गांवों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ मेघवाल समाज विकास युवा संगठन के पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग भी भाग लेंगे। बैठक में उपरला गिर्वा द्वारा आयोजित आगामी 20 अप्रैल को आखातीज के अवसर पर आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान सम्मेलन को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का गठन किया जाएगा। साथ ही सामूहिक विवाह में भाग लेने वाले जोड़ों के पंजीयन, आयोजन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और समाज की भागीदारी को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने गिर्वा चौखला के सभी 33 गांवों के समाज बंधुओं से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सामूहिक विवाह सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।