स्वच्छता सप्ताह से होगा राजस्थान स्थापना दिवस कार्यक्रमों का आगाज

( 796 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 Mar, 26 17:03

स्वच्छता सप्ताह से होगा राजस्थान स्थापना दिवस कार्यक्रमों का आगाज

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर अब राजस्थान स्थापना दिवस चैत्र प्रतिपदा तिथि पर मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 से 19 मार्च तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। राजस्थान दिवस सप्ताह के कार्यक्रमों का आगाज शनिवार 14 मार्च को स्वच्छता सप्ताह के साथ होगा।
झीलों की नगरी उदयपुर में राजस्थान दिवस कार्यक्रमों के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में व्यापक तैयार की जा रही हैं। शनिवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की उपस्थिति में होगा।

अगली कड़ी में 15 मार्च को जिला प्रशासन तथा उदयपुर विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में विकसित राजस्थान रन होगी। इसमें अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, युवा, एनएसएस, स्काउट-गाइड आदि भाग लेंगे। मैराथॉन फतहसागर की पाल पर टाया पैलेस से प्रारंभ होकर नीलकण्ठ महादेव मंदिर होते हुए युडीए पहुंच कर संपन्न होगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। 15 मार्च को ही डिजिटल क्विज और कॉलेजों में निबंध व चित्रकारी प्रतियोगिताएं होंगी। टाउन हॉल में एक जिला-एक उत्पाद मेले का भी शुभारंभ होगा। 16 मार्च को राजस्थानी जनजातीय गौरव दिवस बनाया जाएगा। इसके तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद, विकास कार्यों के शिलान्यास और जनजाति कला प्रदर्शनी का आयोजन होगा। बेणेश्वर धाम पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम का प्रसारण भी किया जाएगा।  17 मार्च को युवा शक्ति और उद्योग संवाद के तहत रोजगार मेला, स्टार्टअप चर्चा और उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निजी क्षेत्र में चयनित युवाओं को रोजगार पत्र भी सौंपे जाएंगे। 18 मार्च को किसानों और पशुपालकों के साथ संवाद के साथ-साथ शाम को मांझी का घाट और जगदीश मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में भव्य महाआरती का आयोजन होगा। 19 मार्च को मुख्य समारोह और सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्य समारोह में लाभार्थियों के साथ संवाद और लाभ हस्तांतरण होगा। शाम को भारतीय लोक कला मण्डल में सांस्कृतिक संध्या सजेगी और शहर के प्रमुख चौराहों व सरकारी कार्यालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

युडीए में हुई बैठक, तैयारियों को दिया अंतिम रूप
राजस्थान स्थापना दिवस समारोह 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर के निर्देशन में शुक्रवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण सभागार में युडीए अध्यक्ष राहुल जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विकसित राजस्थान रन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मैराथॉन के दौरान रूट की साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था आदि को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। मैराथॉन के भव्य आयोजन एवं इसमें अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा 16 मार्च से 19. मार्च तक टाउनहॉल में लाइव प्रसारण कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था करने, 18 मार्च को मांजी का घाट पर प्रस्तावित संध्या आरती के लिए सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था, 19 मार्च को लोक कला मण्डल, उदयपुर में प्रस्तावित सांस्कृतिक संध्या से जुड़ी व्यवस्थाएं आदि पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, बड़गांव उपखण्ड अधिकारी लतिका पालीवाल, नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.