कोटा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आवास पर शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष सुनील माथुर और महासचिव अनिल भारद्वाज के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया।
ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब के प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष व महासचिव के अतिरिक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत शर्मा, संरक्षक के.एल जैन एवं सुबोध जैन ने कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरी सदाशयता का परिचय देते हुए जिलेवार एक - एक पत्रकार से परिचय प्राप्त किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि जब सम्मान निधि राशि बढ़ाई गई है तो बाकी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाएगा। कोटा की चंद्रेसल पत्रकार योजना और मेडिकल डायरी की राशि में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए अनिल भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से विनय पूर्वक विचार करने का निवेदन किया जबकि हेमंत शर्मा ने सम्मान निधि को पेंशन का रूप देने की गुजारिश की। अध्यक्ष सुनील माथुर ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री आवास पर पत्रकारों के लिए इस तरह के पहले आयोजन पर आभार जताया। के. एल,जैन ने छोटे और मझौले समाचार पत्रों का मुद्दा उठाते हुए विज्ञापन दरों में अविलंब बढ़ोतरी की मांग की तो संरक्षक सुबोध जैन ने पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। राज्य भर के अनेक पत्रकारों में अपनी अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और उन्होंने गंभीरता से इस पर विचार करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर ही पत्रकारों के लिए भोज की भी व्यवस्था की गई थी।