उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला उदयपुर द्वारा संगठनात्मक सुदृढ़ता एवं कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक तथा चुनावी कौशल के विकास के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत सरदार पटेल मण्डल का प्रथम दिवस प्रशिक्षण वर्ग गमेर बाग में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन सत्र के साथ किया।
उद्घाटन सत्र में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास, कार्यपद्धति तथा जनसेवा के मूल उद्देश्यों से अवगत कराया जाता है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होता है और उसी के प्रयासों से पार्टी की नीतियां एवं विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचते हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद सामर, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, मण्डल अध्यक्ष अमृत लाल मेनारिया, जिला महामंत्री देवीलाल सालवी, पंकज बोराणा, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश भट्ट, जिला मंत्री करन सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से अपने विचार रखते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन और उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी ने महत्वपूर्ण संघर्ष किया तथा भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी राजनीति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पार्टी के इतिहास और विचारधारा को समझते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद सामर ने अपने संबोधन में संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पार्टी के स्थापना दिवस, अटल बिहारी वाजपेयी एवं भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के माध्यम से समाज के साथ संवाद स्थापित करने की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण शिविर में पूर्व पार्षद व समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी ने चुनाव योजना एवं बूथ प्रबंधन विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण देते हुए कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को सुदृढ़ बनाने, मतदाता संपर्क, मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा प्रभावी प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का मूल आधार मजबूत बूथ संरचना और सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में सरदार पटेल मण्डल के अनेक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।
मीडिया प्रभारी डॉ सीमा चंपावत ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया। शिविर में जिला मंत्री हजारी जैन,प्रकाश अग्रवाल,मण्डल महामंत्री विजय प्रजापत, गजेंद्र अग्रवाल,मण्डल उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह,नपेंद्र जैन,दिनेश दवे,जयंत ओझा सन्नी पोखरना,महेश शर्मा, हेमंत सिसोदिया,पार्षद महेश त्रिवेदी,संतोष मेनारिया,राजकुमारी गन्ना,ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष बाबूलाल ओड, कपिल राठौड़ सहित मण्डल के वरिष्ठ जन मण्डल पदाधिकारी, शक्तिकेंद संयोजक व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं संगठन के प्रति समर्पण भाव के साथ किया गया।