ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब ने श्रद्धांजलि सभा का किया आयोजन

( 377 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 Mar, 26 14:03

के डी अब्बासी 

ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब ने श्रद्धांजलि सभा का किया आयोजन

कोटा। जाने माने पत्रकार स्वर्गीय नारायण बारेठ की स्मृति में ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब प्रतिवर्ष एक प्रतिभाशाली पत्रकार को 11 हजार रुपए नगद पुरस्कार राशि भेंट करेगा।
गुमानपुरा स्थित शांति प्रकाश हाल में आज आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में प्रेस क्लब के महासचिव अनिल भारद्वाज ने यह घोषणा की। अध्यक्ष सुनील माथुर ने कहा कि नारायण बारेठ कोटा के ही नहीं अपितु राजस्थान और देश भर के उन गिने चुने पत्रकारों में शुमार थे, ऐसे में उनकी स्मृति को चिर स्थाई बनाने के लिए उनके नाम से यह पुरस्कार प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारायण जी का पूरा जीवन संघर्षशील रहा इसके बावजूद वह अपने लक्ष्य से तनिक भी नहीं भटके। भाजपा नेता हनुमान शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नारायण जी उच्च आदर्श वाले एक सच्चे मित्र थे। लोगों की मदद करना उनकी फितरत में था। वे कई आंदोलन के प्रणेता रहे। सच्चे मायने में नारायण जी एक ईमानदार और आदर्श पत्रकारिता की भूमिका में अंतिम समय तक मशगूल रहे। इस मौके पर उन्होंने एक दो घटनाओं का जिक्र किया जिससे लगता था कि नारायण जी धीर गंभीर व्यक्तित्व के साथ बड़े चपल मन भी थे। डॉ सुधीर गुप्ता ने उनकी व्यंग्यात्मक और कटाक्ष भरी शैली का वर्णन करते हुए कहा कि नारायण जी हर एक व्यक्ति के लिए आदर्शवादी रहे और पूरा कोटा शहर उन्हें हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखेगा और याद रखेगा। इस मौके पर भाजपा नेता पंकज मेहता ने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि बारेठ जी एक उम्दा लेखक, चिंतक और आदर्शवादी व्यक्तित्व के धनी थे जिनकी भाषा पर अद्भुत पकड़ थी। उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी समझौता नहीं किया और शुरुआती दौर में तो उन्होंने कोटा की न्यायालय में मुंशी तक का काम किया। वे न कभी झुके ना टूटे और पूरा जीवन स्वाभिमानी के साथ जीया। कोटा से उनका लंबा जुड़ाव रहा और उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता।
             ओम आडवाणी ने नम आंखों से याद करते हुए उन्हें ज्ञान का भंडार और व्यवहार कुशल व्यक्तित्व की उपमा देते हुए कहा कि नारायण जी का आभा मंडल इतना प्रभावशाली था कि जो भी व्यक्ति उनसे एक बार मिल लेता था उन्हें कभी भूलता नहीं था। कांग्रेस नेता रविंद्र त्यागी ने कहा कि नारायण जी की एक विशिष्ट पहचान थी और पत्रकारिता में उन्होंने जो मुकाम पाया वहां तक कम ही लोग पहुंच पाते हैं। भाजपा नेता हीरेंद्र शर्मा ने कहा कि नारायण जी बेहद सहज व सरल तरीके से अपना जीवन यापन करते थे उनसे हमने बहुत कुछ सीखा है। नारायण जी का पूरा जीवन मूल्य व सिद्धांतों पर आधारित रहा जो कि यह दर्शाता है कि आदमी को निरंतर कार्य करते रहना चाहिए। कांग्रेस नेता अरुण भार्गव ने कहां की नारायण जी कभी अपने असूलों से नहीं डिगे, लाख परेशानियां झैली परंतु चट्टान की तरह खड़े रहे। इस मौके पर उन्होंने शरीरदानी, नेत्र दानी श्रीमती अमिता भार्गव एवं आनंद एकेडमी शिक्षण संस्थान की ओर से नारायण जी के सम्मान में प्रतिवर्ष एक शील्ड देने की भी घोषणा की। वरिष्ठ अभिभाषक प्रेम सिंह जी ने भी नारायण बारेठ के साथ बिताए पलों को साझा किया।
             श्रद्धांजलि सभा में पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के मंडल सचिव अब्दुल खालिक, किशोर मदनानी, हरि भजन पंजवानी, श्रीमती हेमलता शर्मा, शैलेश पांडे, दिनेश माहेश्वरी, हरि बल्लभ मेघवाल, केडी अब्बासी , रमेश गांधी समेत ग्रेटर कोटा प्रेस क्लब के हेमंत शर्मा, बद्री प्रसाद गौतम, हरिमोहन शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, हंस पाल यादव,के एल जैन, सुबोध जैन, पवन आहूजा,श्याम रोहिड़ा, दिलबाग अरोड़ा, शाकिर अली,योगश सिगलरुबीना काजी समेत अनेक लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव अनिल भारद्वाज ने किया। श्रद्धांजलि सभा में नारायण जी के चित्र पर पुष्पहार अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण किया गया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.