उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के पर्यटन क्षेत्र को अधिक संगठित, सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) ने अपनी नई पर्यटन विंग ‘बीसीआई टूरिज्म’ की शुरुआत की है। इस विंग की पहली आधिकारिक बैठक आगामी 24 मार्च को शाम 6:00 बजे सुभाष नगर स्थित ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट्स में आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में शहर के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े होटलियर्स, ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, इवेंट प्लानर्स, गाइड्स और अन्य प्रोफेशनल्स एक मंच पर एकत्रित होकर आपसी परिचय, संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से नए अवसरों की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
बीसीआई के फाउंडर और चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि उदयपुर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटक यहां आते हैं, जिससे होटल, ट्रैवल, ट्रांसपोर्ट, इवेंट्स और स्थानीय व्यापार से जुड़े हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है।
बीसीआई टूरिज्म का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र के सभी हितधारकों को एक ऐसे मजबूत नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें, नए व्यापारिक अवसर तलाश सकें और आपसी सहयोग से अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मंच पर्यटन क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और नवाचार की नई दिशा तय करेगा।
बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच निरंतर संवाद, सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पर्यटन उद्योग तेजी से बदल रहा है और नई चुनौतियों के साथ नई संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में यदि सभी प्रोफेशनल्स एक मंच पर आकर विचार-विमर्श करें, अनुभव साझा करें और मिलकर योजनाएं बनाएं, तो उदयपुर के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिल सकती है।
जनरल सेक्रेटरी गौरव भंडारी ने बैठक की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र में बीसीआई टूरिज्म की कार्यप्रणाली, आगामी गतिविधियों और दीर्घकालिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही उपस्थित सभी सदस्यों का परिचय सत्र भी रखा जाएगा, जिससे पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रोफेशनल्स एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जान सकें और भविष्य में सहयोग के नए रास्ते खुल सकें।
सेक्रेटरी सुरभि मेनारिया धींग ने कहा कि बीसीआई टूरिज्म का यह मंच पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए नेटवर्किंग, सहयोग और समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम साबित होगा। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने और उद्योग से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर चर्चा करने का अवसर मिलेगा, जिससे व्यावसायिक तालमेल और मजबूत होगा।
कोषाध्यक्ष स्वाति स्वरूपरिया ने बताया कि बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को गति देने के साथ-साथ आगामी प्रोजेक्ट्स और योजनाओं के लिए बजट और संसाधनों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीसीआई टूरिज्म का लक्ष्य पर्यटन क्षेत्र में जुड़े लोगों के लिए एक ऐसा सशक्त नेटवर्क तैयार करना है, जो न केवल व्यवसायिक विकास में सहायक हो, बल्कि शहर के पर्यटन को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।