Time Bank of India Udaipur बैठक में क्षेत्रीय विस्तार और जन-सहयोग पर जोर, वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ने का आह्वान

( 1078 बार पढ़ी गयी)
Published on : 21 Mar, 26 03:03

Time Bank of India Udaipur बैठक में क्षेत्रीय विस्तार और जन-सहयोग पर जोर, वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ने का आह्वान

 

उदयपुर। Time Bank of India के उदयपुर सेक्टर 5 से 9 की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सेक्टर 8 स्थित चंद्रशेखर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार और जन-सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के मुख्य वक्ता एवं गवर्निंग काउंसिल सदस्य महेंद्र कुमार माथुर ने टाइम बैंक की गतिविधियों, भविष्य की उपयोगिता और जमीनी स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे क्षेत्रीय समूहों के गठन से स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच जुड़ाव मजबूत होगा और टाइम बैंक की सेवाएं अधिक लोगों तक पहुंच सकेंगी।

क्षेत्रीय एडमिन नरेंद्र माथुर ने जानकारी दी कि नव संवत्सर के शुभारंभ के साथ हिरण मगरी क्षेत्र (सेक्टर 5 से 9) के सदस्यों का यह समागम आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य संगठन को और सशक्त बनाना है।

मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि क्षेत्रवार बनाए गए समूहों का मुख्य लक्ष्य अकेले रह रहे वृद्ध दंपत्तियों को टाइम बैंक से जोड़ना है। इसके तहत उनके मोबाइल में इमरजेंसी केयर नंबर सेव कराना और नजदीकी पुलिस स्टेशन को भी सूचित करना शामिल है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में एडमिन अनिल गुप्ता, कपूर चंद जैन, मनोहर चेलानी, आर. एस. मेनारिया, ललिता मेहरा और एन. के. अरोड़ा सहित कई सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.