उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) में संचालित अखिल भारतीय समन्वित फल परियोजना के अंतर्गत जनजातीय उपयोजना घटक के तहत गांव जालमपुरा (पंचायत समिति फलासिया) में आम उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं आदान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 25 जनजातीय किसानों ने भाग लिया। विषय विशेषज्ञों डॉ. एस.एस. लखावत, डॉ. के.के. यादव और डॉ. पी.एस. राव ने किसानों को आम की उन्नत किस्मों की बाड़ी लगाने की वैज्ञानिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने किसानों को आम के बागों में कंद-मूल वाली फसलें तथा पेड़ों के बीच मौसमी सब्जियां उगाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने की सलाह दी।
समापन समारोह में परियोजना प्रभारी डॉ. एस.एस. लखावत, डॉ. पी.एस. राव और डॉ. के.के. यादव ने प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रत्येक किसान को आम की उन्नत किस्मों के 25 पौधे, उर्वरक, कीटनाशी दवाएं और स्प्रे मशीन वितरित की।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस.एस. लखावत ने सभी विषय विशेषज्ञों और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे प्रशिक्षणों को किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताया।