उदयपुर । हार्टफुलनेस के वैश्विक मार्गदर्शक व पद्म भूषण से सम्मानित आध्यात्मिक गुरु कमलेश डी. पटेल (दाजी) 24 मार्च को शाम 6 बजे उदयपुर पहुंचेंगे। यहां वे चित्रकूट नगर में नवनिर्मित हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेंटर में ध्यान और सत्संग करवाएंगे । अपने राजस्थान प्रवास के दौरान वे शाम 5 बजे चित्तौड़गढ़ से उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। उदयपुर में दाजी का प्रवास 24 और 25 मार्च का रहेगा, वे 26 मार्च को प्रातः 8 बजे अजमेर के लिए प्रस्थान करेंगे। दाजी के उदयपुर आगमन से नगर के सभी हार्टफुलनेस अभ्यासियों में हर्ष एवं उत्साह देखा जा सकता है।
उदयपुर केंद्र प्रभारी डॉ राकेश दशोरा ने बताया कि इससे पूर्व अक्टूबर 2022 में दाजी के उदयपुर आगमन पर विश्वविद्यालय परिसर और दरबार हॉल में विशेष ध्यान सत्र आयोजित किए गए थे जिनमें लक्ष्य राज सिंह मेवाड़ सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने दाजी के मार्गदर्शन में हार्टफुलनेस ध्यान का अनुभव प्राप्त किया था। जोन समन्वयक मधु मेहता ने बताया कि दाजी सड़क मार्ग से 18 मार्च से हैदराबाद से मध्यप्रदेश और राजस्थान की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं, जहां वे लोगों को ध्यान के माध्यम से जीवन बेहतर बनाने का संदेश दे रहे हैं। हार्टफुलनेस एक सरल ध्यान पद्धति है, जो हृदय के माध्यम से आंतरिक संतुलन, प्रेम और शांति को बढ़ावा देती है। उनके मार्गदर्शन में देश-विदेश के हजारों केंद्रों पर निशुल्क ध्यान सत्र हो रहे हैं।